सतना के गैवीनाथ मंदिर में पुजारी से मारपीट: माली संघ अध्यक्ष पर पूजा करने से रोकने का आरोप, महंत बोले- आरोपियों पर कार्रवाई हो – Satna News h3>
सतना की बिरसिंहपुर तहसील स्थित प्राचीन और प्रतिष्ठित श्री गैवीनाथ मंदिर में गुरुवार सुबह उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब आरती-पूजा के दौरान मंदिर के नियमित पुजारी के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और पुजारी समाज में गुस्सा है, वहीं मंदिर की सुरक्षा और व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी सत्यम गोस्वामी रोजाना की तरह सुबह आरती और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें पूजा करने से रोक दिया। आरोप है कि मंदिर समिति के संचालक एवं माली संघ अध्यक्ष पंकज माली के नेतृत्व में कई लोगों ने पुजारी के साथ पहले अभद्रता की और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। विवाद का वीडियो आया सामने घटना मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के सामने हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुजारी को पूजा करने से रोका जा रहा है और बाद में उनके साथ हाथापाई की जा रही है। घटना के बाद मंदिर में मौजूद श्रद्धालु दहशत में आ गए। कई लोगों ने इस कृत्य को मंदिर की परंपराओं और धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताया है। उनका कहना है कि पवित्र स्थल पर इस तरह की घटनाएं आस्था को ठेस पहुंचाती हैं और मंदिर की गरिमा को नुकसान पहुंचाती हैं। प्रशासन से कार्रवाई की मांग मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों और पुजारी समाज में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि पुजारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विश्वास कैसे कायम रहेगा। वहीं, पीड़ित पुजारी सत्यम गोस्वामी ने प्रशासन और पुलिस से शिकायत कर उचित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मंदिर के महंत विनोद गोस्वामी ने भी थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो इससे मंदिर का धार्मिक वातावरण और उसकी प्रतिष्ठा दोनों प्रभावित हो सकती हैं।