सतना के किसानों से छल, शासन ने गेहूं खरीदी का लक्ष्य 2 लाख टन घटाया | The government reduced the target of wheat procurement in Satna | Patrika News
सतनाPublished: Mar 20, 2023 11:40:26 am
पिछली खरीदी को आधार बना कर घटाया लक्ष्य
यूक्रेन युद्ध के कारण निजी बाजार में ज्यादा बिक्री से घट गई थी गत वर्ष सरकारी खरीदी
The government reduced the target of wheat procurement in Satna district
सतना। राज्य शासन ने रबी सीजन की मुख्य फसल गेहूं के समर्थन मूल्य खरीदी के लक्ष्य पर सतना जिले के साथ छल किया है। अगर इसमें सुधार नहीं होता है तो आधे किसानों की खरीदी नहीं हो पाएगी। कृषि और खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस साल सतना जिले में 6.33 लाख टन गेहूं उत्पादन का अनुमान है। लेकिन राज्य शासन ने पिछले औसत को देखते हुए सतना जिले का समर्थन मूल्य खरीदी का लक्ष्य 2.70 लाख टन तय किया है। मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष 69,102 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं बिक्री के लिये अपना पंजीयन करवाया है। इस वर्ष पंजीकृत किसानों का बोनी का रकवा 1,40,820 हैक्टेयर है। जबकि गत वर्ष 22-23 में 80,937 किसानों ने पंजीयन कराया था और इनका बोनी का रकवा 1,95,195 हैक्टेयर रहा। सतना जिले में प्रति हेक्टेयर गेहूं का उत्पादन 46 क्विंटल तय किया गया है। इस लिहाज से इस बार सतना जिले में पंजीकृत किसानों द्वारा उत्पादित गेहूं की मात्रा अनुमानित लगभग 6.33 लाख टन है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सतना जिले में किसान 20 फीसदी गेहूं अपने खाने के लिए रखता है और 80 फीसदी गेहूं विक्रय करता है। लिहाजा अनुमानित उत्पादन के हिसाब से इस बार लगभग 5 लाख टन गेहूं विक्रय के लिये उपलब्ध होगा।