सगाई के 22 दिन मंगेतर सामने युवक की मौत: फोटोशूट के समय कुंड में डूबा, शादी की तैयारियां कर रहा था परिवार – Chittorgarh News

0
सगाई के 22 दिन मंगेतर सामने युवक की मौत:  फोटोशूट के समय कुंड में डूबा, शादी की तैयारियां कर रहा था परिवार – Chittorgarh News

सगाई के 22 दिन मंगेतर सामने युवक की मौत: फोटोशूट के समय कुंड में डूबा, शादी की तैयारियां कर रहा था परिवार – Chittorgarh News


चित्तौड़गढ़ के सुरजना गांव में जिस घर में कुछ ही समय बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। सगाई के बाद शादी की तैयारियों में जुटा अर्जुन दमामी (24) अपनी मंगेतर और उसके अंकल के साथ राजसमंद के गोरी धाम घूमने गया था। फोटोशूट के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी के कुंड में डूब गया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन और बुधवार को SDRF के रेस्क्यू के बाद उसका शव बाहर निकाला गया। बेटे की मौत से परिवार सदमे में है, परिवार में शोक का माहौल है। अब पढ़िए… सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. शादी की तैयारियों के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
चित्तौड़गढ़ जिले के सुरजना गांव निवासी 24 वर्षीय अर्जुन दमामी के घर में जल्द ही शादी की खुशियां आने वाली थीं। उनकी सगाई हो चुकी थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। मजदूरी कर परिवार का सहारा बने अर्जुन अपने पिता महेंद्र दमामी के साथ बिरला में एक ठेकेदार के अधीन काम करते थे। परिवार में मां राधा, पिता और एक छोटी बहन हैं। परिवार कई वर्षों से अर्जुन के नाना मांगीलाल के घर पर रह रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि जल्द ही घर में शहनाइयां गूंजेंगी, लेकिन एक हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। 2. मंगेतर और उसके अंकल के साथ गोरी धाम घूमने गया था अर्जुन
जानकारी के अनुसार मंगलवार को अर्जुन अपनी मंगेतर और उसके अंकल के साथ राजसमंद जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोरी धाम घूमने गया था। वहां पहुंचने के बाद मंगेतर के अंकल मंदिर परिसर में ही रुक गए, जबकि अर्जुन और उसकी मंगेतर नीचे की ओर घूमने और फोटोशूट करने चले गए। मामा के बेटे निर्मल के अनुसार दोनों ने अंकल से कहा था कि वे 10-15 मिनट में फोटोशूट कर वापस आ जाएंगे। अंकल ने भी उन्हें घूमने और फोटो खिंचवाने की अनुमति दे दी। 3. फोटोशूट के दौरान फिसला पैर, मंगेतर के सामने कुंड में डूबा
फोटोशूट के दौरान अर्जुन पानी के पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह हाथ-मुंह धोने या पानी के करीब जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे कुंड में जा गिरा। मंगेतर के सामने ही वह कुछ ही सेकंड में पानी में समाने लगा। युवती घबराकर जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अर्जुन गहरे पानी में चला गया था। लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर हो चुकी थी। बाद में परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई। 4. रातभर चला सर्च ऑपरेशन, सुबह SDRF ने निकाला शव
घटना की सूचना मिलते ही दिवेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। मंगलवार देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा और पानी की अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह उदयपुर से SDRF टीम को बुलाया गया। इसके बाद नागरिक सुरक्षा टीम, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से दोबारा अभियान चलाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद अर्जुन का शव गहरे कुंड से बाहर निकाला गया। 5. 100 फीट ऊंची पहाड़ी से शव निकाला, गांव में पसरा मातम
जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां से शव को करीब 100 फीट ऊंची खड़ी पहाड़ी पर लाना भी बड़ी चुनौती साबित हुआ। ग्रामीणों और पुलिस जवानों ने मानव श्रृंखला बनाकर शव को बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जैसे ही अर्जुन की मौत की खबर और बाद में शव चित्तौड़गढ़ पहुंचा, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां, पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ समय बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News