नामांतरण फाइल आगे बढ़ाने के बदले मांगी रिश्वत: ग्वालियर में तहसील का रीडर 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार; EOW की कार्रवाई – Gwalior News h3>
ग्वालियर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित तहसील ग्वालियर के गोशपुरा वृत कार्यालय में पदस्थ रीडर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी को 20 हजार रुपए की नकद राशि स्वीकार करते समय रंगे हाथों पकड़ा। जानकारी के अनुसार, किला गेट निवासी जितेंद्र पांडे का रानीपुरा क्षेत्र में स्थित प्लॉट के नामांतरण का प्रकरण लंबे समय से लंबित था। आरोप है कि संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने और नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के बदले कार्यालय में पदस्थ रीडर अनिल कुड़वारिया ने रिश्वत की मांग की थी। शुरुआत में 50 हजार रुपए मांगे गए, लेकिन बाद में 40 हजार रुपए में मामला तय होने की बात सामने आई। फरियादी के अनुसार, जुलाई 2025 से उसका प्रकरण लंबित चल रहा था और लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। इससे परेशान होकर उसने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ से संपर्क कर पूरी जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद EOW ने प्राथमिक जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद EOW ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। तय रणनीति के तहत फरियादी को आरोपी को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपए देने भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने राशि स्वीकार की, पहले से मौजूद EOW टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं थी। शिकायतकर्ता जितेंद्र पांडे ने बताया कि नामांतरण के काम के लिए लगातार रिश्वत मांगी जा रही थी, जिसके बाद उन्होंने EOW से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। शैलेंद्र सिंह कुशवाह, टीआई, EOW ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।