रतलाम में 50 मजदूरों से भरी बोलेरो खाई में गिरी: रिवर्स करते समय हादसा, 2 महिलाएं घायल; हादसे के बाद भी गुजरते रहे ओवरलोड वाहन – Ratlam News h3>
रतलाम जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र स्थित आंबा के पास रविवार सुबह करीब 50 मजदूरों से भरी एक बोलेरो रिवर्स लेते समय खाई में जा गिरी। हादसा नवदुर्गा पूनयाखेड़ी रोड फंटे पर यू-टर्न लेने के दौरान हुआ। दुर्घटना में दो महिलाओं को हल्की चोटें आई हैं, जबकि अन्य सभी मजदूर सुरक्षित हैं। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से गाड़ी को खाई से बाहर निकाला। सभी मजदूर उसी बोलेरो में बैठकर आगे रवाना हो गए हैं, जबकि सूचना के बावजूद पुलिस या प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। राजस्थान से आ रही थी बिना नंबर की कंडम बोलेरो
जानकारी के अनुसार, बिना नंबर की एक कंडम बोलेरो राजस्थान के दानपुर से मजदूरों को लेकर जा रही थी। रास्ते में आंबा के पास नवदुर्गा पूनयाखेड़ी रोड फंटे पर यू-टर्न के लिए रिवर्स लेते समय ड्राइवर संतुलन खो बैठा। इससे बोलेरो सड़क पर बनी पुलिया के किनारे खाई में जा गिरी। रिवर्स लेने के कारण गाड़ी की स्पीड काफी कम थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। ग्रामीणों ने जेसीबी से निकाला, उसी गाड़ी में बैठ गए मजदूर
घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए एक जेसीबी की व्यवस्था की और बोलेरो में रस्सी बांधकर उसे खाई से बाहर निकाला। गाड़ी बाहर निकलने के बाद सभी मजदूर वापस उसी कंडम और बिना नंबर की बोलेरो में बैठे और अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर न तो पुलिस पहुंची और न ही प्रशासनिक अमला। धार हादसे से सबक नहीं, धड़ल्ले से गुजर रहे ओवरलोड वाहन
ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद भी इस मार्ग से कई ओवरलोड वाहन गुजरते रहे, लेकिन उन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं था। बता दें कि तीन दिन पहले ही प्रदेश के धार जिले में मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन पलटने से 16 लोगों की मौत हो गई थी। इतने बड़े हादसे के बावजूद रतलाम आरटीओ और पुलिस प्रशासन ने ओवरलोडिंग पर रोक नहीं लगाई है। जिले के सरवन, सैलाना और बाजना जैसे आदिवासी अंचलों में धड़ल्ले से ओवरलोड वाहन दौड़ रहे हैं, जिससे प्रशासन की अनदेखी के चलते धार जैसे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। हादसे के बाद इस तरह अन्य ओवरलोड वाहन गुजरते रहे…