मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ली परेड की सलामी, गिनाईं दिल्ली सरकार की उपलब्धियां
निरीक्षण के बाद परेड में शामिल सभी टुकड़ियां एक-एक कर सलामी मंच के सामने से सीएम को सलामी देते हुए गुजरीं। दिल्ली पुलिस के अलावा होमगार्ड, अग्निशमन सेवा और एनसीसी कैडेट्स की टुकड़ियों ने भी मार्च पास्ट किया। दिल्ली पुलिस और सिविल डिफेंस के पाइप बैंड के अलावा पहली बार दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों का बैंड भी परेड में शामिल हुआ। परेड संपन्न होने के बाद सीएम ने कारागार विभाग के असिस्टेंड सुपरिटेंडेंट राजेश कुमार और नरेश कुमार को उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए मेडल देकर सम्मानित किया। सीएम ने संबोधन से पहले ‘भारत माता की जय’ का नारा भी लगवाया। इस दौरान पूरा स्टेडियम गूंज उठा। सीएम केजरीवाल सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वाले बच्चों से भी मिले और उनकी हौसला अफजाई की।
केजरीवाल ने अपने संबोधन में दिल्ली सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए दावा किया कि सीसीटीवी कैमरे के मामले में दिल्ली ने लंदन, सिंगापुर, पैरिस, न्यू यॉर्क, वॉशिंगटन को भी पीछे छोड़ दिया है। पिछले कुछ सालों में ‘आप’ की सरकार ने 2.5 लाख सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, जिसके बाद आज दिल्ली में प्रति वर्ग मील 1826 सीसीटीवी कैमरे हैं। इसी तरह अब दिल्ली में 1000 लोगों पर तीन डॉक्टर हैं, जो अमेरिका, इंग्लैंड, कनाडा और जापान से भी ज्यादा हैं। पिछले साल दिल्ली सरकार के स्कूलों के 99.7 फीसदी बच्चे पास हुए, जबकि पहले 80-82 फीसदी बच्चे ही पास होते थे। दिल्ली में प्रति व्यक्ति वन क्षेत्र 9.6 वर्ग मीटर है जो हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नै और अहमदाबाद से भी ज्यादा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली अब देश की ईवी कैपिटल भी बन गई है। यहां अब कुल खरीदे जाने वाले नए वाहनों में 10.2 फीसदी इलेक्ट्रिक वाहन होते हैं, जबकि दूसरे नंबर पर काबिज कर्नाटक में 6.3 फीसदी ईवी रजिस्टर्ड हो रहे हैं। बेंगलुरु को पीछे छोड़ अब दिल्ली देश की स्टार्ट अप कैपिटल भी बन गई है। पिछले साल दिल्ली में 5 हजार से ज्यादा नए स्टार्टअप शुरू हुए, वहीं बेंगलुरु में 4504 स्टार्टअप शुरू हुए थे।