बेटे ने पिता की कनपटी पर सटाकर मारी गोली, मौत: सिर को चीरकर निकली बुलेट, 2 लाख मांग रहा था; नहीं देने पर की फायरिंग – Barwani News h3>
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में सोमवार को बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। 2 लाख रुपए नहीं देने पर युवक ने कनपटी पर सटाकर फायरिंग की। गोली कनपटी को चीरकर बाहर निकल गई। पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के पिछोड़ी गांव का है। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 58 वर्षीय जगन बडोले के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका बेटा चंदन बडोले (32) बताया गया है। चंदन पहले वेल्डिंग की दुकान चलाता था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह अपने पिता से लगातार पैसों की मांग कर रहा था। पिता पर पैसों के लिए दबाव बना रहा था परिजनों ने बताया कि पिता ने पहले ही बेटे को करीब दो लाख रुपए दे दिए थे, लेकिन इसके बावजूद चंदन और पैसों के लिए दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से तनाव चल रहा था, जो सोमवार को हिंसक झगड़े में बदल गया। बहस से शुरू हुआ विवाद, गोली तक पहुंचा मामला सोमवार दोपहर पिता-पुत्र के बीच पैसों को लेकर फिर से तीखी बहस हुई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान चंदन ने आपा खो दिया और घर में रखी पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। पत्नी ने दी पुलिस को सूचना घटना की सूचना सबसे पहले मृतक की पत्नी गौरी बाई ने पुलिस को दी। पुलिस को दिए बयान में गौरी बाई ने बताया कि बहस के दौरान चंदन ने अचानक गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद चंदन मौके से फरार हो गया। 7 एकड़ जमीन और पुराने विवाद की भी जांच परिजनों के मुताबिक, परिवार के पास लगभग 7 एकड़ जमीन है, जिसमें से 5 एकड़ खलघाट और 2 एकड़ पिछोड़ी में स्थित है। बताया जा रहा है कि जमीन और पैसों को लेकर पहले भी पिता-पुत्र के बीच विवाद होते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी चंदन का व्यवहार पिछले कुछ समय से आक्रामक हो गया था। वह आर्थिक दबाव में भी था, लेकिन किसी को यह उम्मीद नहीं थी कि वह अपने ही पिता की जान ले लेगा। आरोपी फरार, पुलिस की टीमें सक्रिय थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।