बुलंदशहर में बीएड प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न, 2425 अभ्यर्थी शामिल: 6 केंद्रों पर दो पालियों में 2930 पंजीकृत, 505 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे – Bulandshahar News h3>
बुलंदशहर में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार को शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जिले के छह केंद्रों पर कुल 2930 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2425 ने परीक्षा दी और 505 अनुपस्थित रहे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चली। जानकारी के अनुसार, 250 ऐसे अभ्यर्थी भी थे जिन्होंने पहली पाली की परीक्षा में भाग लिया, लेकिन दूसरी पाली से अनुपस्थित रहे। सीसीटीवी से केंद्रों की निगरानी परीक्षा के लिए नगर क्षेत्र में छह केंद्र बनाए गए थे। सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंचने लगे थे, जहां सघन तलाशी के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सीसीटीवी के माध्यम से परीक्षार्थियों पर लगातार नजर रखी गई। परीक्षा समाप्ति तक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विश्वविद्यालय के दिशानिर्देशों के अनुसार, परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराया गया। नियमानुसार, पहली पाली की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए दूसरा पेपर देना अनिवार्य होता है, अन्यथा उनका परिणाम अनुपस्थित माना जाता है। सामान्य अभिरूचि में उलझे छात्र
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के सिलेबस में सामान्य अभिरूचि में अभ्यर्थी उलझे दिखे। पेपर देकर बाहर निकले परीक्षार्थी प्रश्न पत्र को लेकर चर्चा करते दिखे। इसके अलावा प्रथम प्रश्न पत्र में सामान्य ज्ञान, अंगे्रजी, हिंदी के प्रश्नों को अभ्यर्थियों ने ठीक बताया। दूसरे प्रश्न पत्र में सामान्य अभिरूचि परीक्षण, विविध और विषय योग्यता के प्रश्न पूछे गए। परीक्षार्थियों ने पेपर को ठीक बताया। रैंक के आधार पर परीक्षार्थियों के बीएड में प्रवेश होंगे। केंद्रों पर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र व उनकी आईडी देखने के बाद प्रवेश दिया गया। परिणाम आने के बाद परीक्षार्थियों की काउंसिलिंग होगी और फिर इसके बाद उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।
डीआईओएस विनय कुमार ने बताया- जिले में छह केंद्रों पर बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न करा ली गई है। केंद्रों पर 505 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे हैं। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहें। बुंदेलखंड विवि द्वारा परीक्षा आयोजित कराई गई थी। विवि को पूरी रिपोर्ट भेजी जा रही है।
