नौतपा में बारिश के बाद ठंडक और फिर उमस: रीवा की करहिया मंडी में भीगा क्विंटलों अनाज; किसानों को होगा नुकसान – Rewa News

0
नौतपा में बारिश के बाद ठंडक और फिर उमस:  रीवा की करहिया मंडी में भीगा क्विंटलों अनाज; किसानों को होगा नुकसान – Rewa News

नौतपा में बारिश के बाद ठंडक और फिर उमस: रीवा की करहिया मंडी में भीगा क्विंटलों अनाज; किसानों को होगा नुकसान – Rewa News


रीवा में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच रविवार 31 मई को जिले के कुछ इलाकों में हुई हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी। बारिश थमने के कुछ घंटों बाद ही वातावरण में नमी बढ़ गई और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दिनभर तेज धूप, गर्म हवाओं और बीच-बीच में बादलों की मौजूदगी के कारण मौसम लगातार बदलता रहा। मौसम विभाग ने पहले ही गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद करहिया मंडी में खुले में रखा सैकड़ों क्विंटल अनाज भींग गया। स्थानीय व्यापारियों और किसानों का आरोप है कि मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद मंडी प्रशासन ने अनाज को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। अचानक हुई बारिश के दौरान मंडी परिसर में खुले में रखा गेहूं और अन्य उपज भींग गई, जिससे किसानों और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते तिरपाल और अन्य सुरक्षा व्यवस्था की जाती तो नुकसान रोका जा सकता था। इधर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के बाद लोगों को कुछ समय के लिए तपिश से राहत मिली, लेकिन नमी बढ़ने के कारण उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और लोग घरों में रहने को मजबूर रहे। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण आने वाले दिनों में बादल, गरज-चमक और कहीं-कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है, हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। आईएमडी के अनुसार रीवा का तापमान (अधिकतम/न्यूनतम) पूर्वानुमान मौसम विभाग के अनुसार नौतपा का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। हालांकि आगामी दिनों में कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हो सकती है। इसके बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से तत्काल बड़ी राहत मिलने की संभावना कम है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। करहिया मंडी में बारिश के कारण अनाज भींगने की घटना ने व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। किसानों का कहना है कि मौसम विभाग के पूर्व अलर्ट के बावजूद यदि अनाज को सुरक्षित रखने के इंतजाम नहीं किए गए तो इसका खामियाजा सीधे अन्नदाताओं को भुगतना पड़ेगा। अब प्रभावित किसान नुकसान के आकलन और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

मध्यप्रदेश की और खबर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे – Madhya Pradesh News