निर्माणाधीन पुलिया में बाइक सहित गिरा युवक, मौत: शरीर में सरिया घुसा, 2 दिन में दूसरा हादसा; निर्माण कंपनी ने चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया – Raisen News h3>
रायसेन से राहतगढ़ तक बन रहे हाईवे पर निर्माणाधीन पुलिया में एक बाइक गिर गई। इस हादसे में भोपाल निवासी 32 वर्षीय ट्रक ड्राइवर अब्दुल कय्यूम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिया में निकले सरिए उनके शरीर में कई जगह घुस गए, जिससे मौत हो गई। सोमवार सुबह नकतरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इस सड़क पर दो दिन में यह दूसरा हादसा है। परिजन ने सड़क निर्माण कंपनी और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मौके पर कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। दोस्तों के साथ बेगमगंज जा रहा था युवक भोपाल के शहीद नगर वार्ड 8 निवासी 32 वर्षीय अब्दुल कय्यूम रविवार-सोमवार की देर रात भोपाल से बेगमगंज की ओर जा रहे थे। मृतक के मामा लाजिम खान ने बताया कि कय्यूम रविवार को दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में वे अपनी बाइक सहित निर्माणाधीन पुलिया में जा गिरे। पुलिया में निकले सरिया से गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ईद की छुट्टी पर आए थे घर, पीछे छोड़ गए 3 बच्चे परिजनों के अनुसार, अब्दुल कय्यूम पेशे से ट्रक ड्राइवर थे और ईद की छुट्टियों में अपने घर भोपाल आए हुए थे। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। इसके अलावा उनके दो भाई भी हैं। सोमवार सुबह नकतरा चौकी पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने शव को बरामद किया। मामा बोले- डायवर्ट रोड पर नहीं लगाए गए सांकेतिक बोर्ड परिजनों ने सड़क निर्माण कंपनी और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक के मामा लाजिम खान ने आरोप लगाते हुए कहा कि, “निर्माण कार्य में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है। डायवर्ट रोड पर कोई सूचना या सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए गए थे।” 2 दिन में दूसरा हादसा, एक दिन पहले गिरा था मिनी ट्रक मृतक कय्यूम के परिचित अली हसन ने भी रोड कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कल ही फलों से भरा एक मिनी ट्रक निर्माणाधीन पुलिया में गिर गया था, जिससे चालक और क्लीनर को गंभीर चोटें आई थीं। इससे पहले भी सुरक्षा संकेतों के अभाव में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। अली हसन ने दोहराया कि पुलिया निर्माण के दौरान डायवर्ट रोड पर कोई सूचना या सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ है। देखिए 2 तस्वीरें…