जमुई में भाजपा जिला कार्यालय का भूमि पूजन: श्रेयसी सिंह ने किया, बोलीं- कार्यकर्ताओं को सहूलियत; संगठन के कार्यों में तेजी आएगी – Jamui News h3>
जमुई जिला मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी के नए जिला कार्यालय के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री और जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने विधि-विधान के साथ पूजन किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केसरी, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला कार्यालय बनना संगठन के लिए उपलब्धि भूमि पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में श्रेयसी सिंह ने कहा कि भाजपा का अपना जिला कार्यालय बनना संगठन के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि अब तक पार्टी के कार्यक्रमों और बैठकों के लिए अलग-अलग स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब कार्यालय बनने से सभी गतिविधियां एक ही स्थान पर सुचारु रूप से संचालित होंगी, जिससे कार्यकर्ताओं को सहूलियत मिलेगी और संगठनात्मक कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा लगातार विस्तार कर रही है और कार्यकर्ताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में एक भव्य और सुविधायुक्त जिला कार्यालय की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। पश्चिम बंगाल में 160 से अधिक सीटें हासिल करेंगे पांच राज्यों में हो रहे चुनावों को लेकर श्रेयसी सिंह ने आत्मविश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ईमानदारी और मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में पार्टी 160 से अधिक सीटें हासिल करेगी और 4 मई को इसके परिणाम सामने आ जाएंगे। बिहार में बढ़ते अपराध के सवाल पर उन्होंने कहा कि अपराध की घटनाएं बढ़ी नहीं हैं, बल्कि उनकी रिपोर्टिंग अधिक हो रही है। प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है और दोषियों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि कानून व्यवस्था को और सख्त बनाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है। दिल्ली में एक बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या के मामले पर उन्होंने दुख व्यक्त किया और इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने कहा कि प्रवासी लोग रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं और उनके साथ इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने संबंधित सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर श्रेयसी सिंह ने टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने इसे शीर्ष नेतृत्व का विषय बताया। दिल्ली-बेंगलुरु से रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की आवश्यकता जमुई में विकास कार्यों को लेकर श्रेय लेने की होड़ के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि विकास सामूहिक प्रयास से होता है। वंदे भारत ट्रेन के जमुई स्टेशन पर ठहराव की मांग पर उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई आवाज का सकारात्मक परिणाम सभी जिलेवासियों की जीत होती है। साथ ही उन्होंने दिल्ली के अलावा बेंगलुरु जैसी जगहों से भी रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
निशांत की पदयात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उनका यह निर्णय सराहनीय है कि वे पहले पूरे बिहार का दौरा कर लोगों से जुड़ना चाहते हैं। भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ता उनका पूरा सहयोग करेंगे।
बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – BiharNews