खरला गांव 20 दिन से ट्रांसफार्मर खराब: बिजली न होने से मोटर पंप बंद; मोबाइल चार्ज के लिए दूसरे गांव जा रहे ग्रामीण – Shahdol News h3>
शहडोल जिले के बुढार क्षेत्र अंतर्गत खरला गांव के ग्रामीण करीब 20 दिनों से गंभीर बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। गांव का बिजली ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। इस स्थिति से गांव के सैकड़ों लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, खासकर भीषण गर्मी के बीच पेयजल, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कार्यों पर इसका गहरा असर पड़ रहा है। ग्रामीण राम प्रसाद यादव ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना बिजली कंपनी को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया होने के कारण विभाग ट्रांसफार्मर बदलने में देरी कर रहा है, जिसका खामियाजा पूरे गांव को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीण बोले-बिजली न होने से मोटर पंप बंद ग्रामीण सीताराम कोल ने जानकारी दी कि बिजली न होने से मोटर पंप बंद पड़े हैं, जिससे पानी की समस्या बढ़ गई है। लोगों को दूर-दराज के हैंडपंपों से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को गर्मी के कारण सबसे अधिक परेशानी हो रही है। गांव की निवासी फूलवती बाई ने बताया कि रात के समय पूरा गांव अंधेरे में डूबा रहता है। बिजली न होने से पंखे और कूलर बंद हैं, जिससे लोगों की रातें जागकर कट रही हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरे गांव जा रहे एक अन्य ग्रामीण राजेश सिंह ने बताया कि मोबाइल चार्ज करने के लिए भी लोगों को दूसरे गांव जाना पड़ रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और छोटे दुकानदारों का कामकाज भी ठप पड़ गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे बिजली कंपनी के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर ट्रांसफार्मर बदलवाने और गांव की बिजली व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।