कब्रिस्तान भूमि पर बनी अवैध दुकानों पर चला बुलडोजर: डेढ़ महीने पहले दर्ज हुई थी एफआईआर, बाउंड्री भी तोड़ी – Hardoi News h3>
हरदोई में नगर पालिका ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। बिलग्राम चुंगी के पास स्थित कब्रिस्तान की भूमि पर बनी अवैध दुकानों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। इस कार्रवाई में लगभग पांच दुकानों के टीन शेड और पक्के निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। अवैध दुकानों के बाहर बनी कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल को बुलडोजर ने धराशाही कर दिया। यह कार्रवाई नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रामेन्द्र सिंह द्वारा 23 मार्च 2026 को दर्ज कराई गई एक एफआईआर के बाद की गई। एफआईआर में अंजुमन इस्लामिया के सदर सहित तीन नामजद और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था। अधिशासी अधिकारी ने अपनी शिकायत में बताया था कि नगर पालिका सीमा के अंतर्गत बिलग्राम चुंगी स्थित कब्रिस्तान की वक्फ बोर्ड की भूमि पर भूमाफियाओं ने सांठगांठ कर कब्जा कर लिया है और अवैध रूप से दुकानें बना ली हैं। आरोप है कि अंजुमन इस्लामिया संस्था के सदर मोहम्मद खालिद, वैटगंज निवासी हाफिज खान और संस्था के अन्य सदस्यों ने सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना सराय थोक पूर्वी निवासी रियासत खान व अन्य लोगों को कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जा करवाकर दुकानें बनवाईं। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया था कि आरोपी अवैध तरीके से धन अर्जित करने के लिए कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जा कर रहे थे। कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जा करने के संबंध में मोहम्मद खालिद और उनकी कमेटी के सदस्यों के खिलाफ पहले भी शहर कोतवाली में एक एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी में अधिशासी अधिकारी के साथ सदर एसडीएम और सीओ सिटी शामिल थे। कमेटी ने अपनी जांच में पाया कि कब्रिस्तान के अंदर बनी ये दुकानें अवैध रूप से निर्मित की गई थीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार को अधिशासी अधिकारी अपनी टीम के साथ कब्रिस्तान पहुंचे और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। मौके पर शहर कोतवाल संजय त्यागी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। बुलडोजर की कार्रवाई देखने के लिए आसपास के लोग भीड़ का हिस्सा बने रहे।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews