इटावा में MBBS छात्रा ने सुसाइड किया: नोट में लिखा- मैं अब नहीं झेल पाऊंगी, नीट पीजी की तैयारी कर रही थी – Etawah News h3>
इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के अर्जुननगर पक्का बाग इलाके में गुरुवार को मेडिकल छात्रा सौम्या दीक्षित (27) ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सौम्या दीक्षित पुत्री रविकांत दीक्षित एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चुकी थीं और वर्तमान में नीट पीजी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई को लेकर लगातार प्रयासरत थीं, लेकिन कुछ समय से मानसिक तनाव, एंजायटी और डिप्रेशन की स्थिति से भी गुजर रही थीं। सौम्या की मां अपने बड़े बेटे के पास बैंगलोर गई हुई थी और वह घर में अकेली थी। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। परिवार के अनुसार सौम्या दिन में घर पर अकेली थीं। उनके पिता रोज की तरह सुबह अपने कोल्ड स्टोर चले गए थे। रात लगभग साढ़े आठ बजे जब वह घर लौटे तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आशंका होने पर परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग स्तब्ध रह गए। सौम्या कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी मिलीं।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमरे से मिले सामान को जांच के लिए सुरक्षित किया। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला। नोट में सौम्या ने लिखा था कि उसके टैबलेट में दो वीडियो मौजूद हैं जिन्हें देखा जाए। परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार सुसाइड नोट के बाद जब टैबलेट और लैपटॉप को देखा गया तो उसमें वीडियो संदेश भी मिले। मृतका के मामा अधिवक्ता पल्लव दुबे ने बताया कि वीडियो की जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि 26 मई को भी सौम्या ने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन किसी कारण उस समय उसने अपना इरादा बदल दिया था। इसके अलावा गुरुवार को रिकॉर्ड किया गया एक और वीडियो भी मिला है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में और पूरी वीडियोग्राफी के साथ कराया जा रहा है ताकि सभी तथ्य स्पष्ट रूप से दर्ज किए जा सकें।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के माध्यम से कराया जा रहा है। साथ ही बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। सुसाइड नोट में लिखा था- हैलो एवरीवन मेरे टैबलेट में दो विडियो हैं। टेबलेट का पासवर्ड पापा का मोबाइल का पासवर्ड है। देख लेना। मैं जो कर रही हूं उसमें किसी का कोई हाथ नहीं है, मैं डिप्रेशन, एंजाइटी और डिस्पेयर और नहीं झेल सकती, इसके लिए न मेरे घरवाले और न ही कोई दूसरा तैयार है। मैं सभी से माफी मांगती हूं। मैं आप सबको बहुत प्यार करती हूं। हर चीच के लिए शुक्रिया।
