यमुना अथॉरिटी क्षेत्र में ज़मीनी धोखाधड़ी: UTL होम्स का डायरेक्टर अनुराग प्रताप राय गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की ज़मीन के सौदे में धोखाधड़ी के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दनकौर पुलिस ने यूटीएल होम्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी…
ग्रेटर नोएडा में यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की ज़मीन के सौदे में धोखाधड़ी के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दनकौर पुलिस ने यूटीएल होम्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर अनुराग प्रताप राय को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने एक खरीदार को ज़मीन का वास्तविक क्षेत्रफल कम होने के बावजूद उसे ज़्यादा बताकर बेच दिया, जिससे खरीदार के साथ धोखा हुआ।
यह मामला तब सामने आया जब एक पीड़ित ने दनकौर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि उन्हें जो ज़मीन बेची गई, वह यमुना प्राधिकरण द्वारा अधिसूचित क्षेत्र में आती है। आरोप के मुताबिक, ज़मीन का असल रकबा सौदे में बताए गए रकबे से काफी कम था। इसी आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था और आरोपी की तलाश कर रही थी।
गोपनीय सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस काफी समय से इस मामले में वांछित चल रहे आरोपी की तलाश में थी। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और एक गोपनीय सूचना के आधार पर दनकौर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी अनुराग प्रताप राय को ग्राम अमरपुर के पास एक साइट के नज़दीक से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 46 वर्षीय अनुराग प्रताप राय, पुत्र योगेश राय के रूप में हुई है। वह नोएडा के सेक्टर-168 स्थित वी गोल्डन पाम सोसाइटी का निवासी है और यूटीएल होम्स प्राइवेट लिमिटेड में डायरेक्टर है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इनपुट: IANS



