Weather Alert : हवा साफ, पर कपड़े सूख नहीं रहे, फसल चौपट… दिल्ली-NCR में ये बादल कब तक बरसेंगे? h3>
कपड़े कैसे सुखाएं?
सोमवार सुबह आईटीओ, डीएनडी, बारापूला, मुकरबा चौक और नोएडा से गुजरने वाले यात्रियों को जाम से जूझना पड़ा। घरों में बैठे लोगों को कपड़े सुखाने में काफी पापड़ बेलने पड़ रहे हैं। बाहर कपड़े डाल नहीं सकते और अंदर सब गीला-गीला हो रहा है। हां, इस बेमौसम बारिश से हवा साफ-सुथरी हो गई है। सुबह 9 बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता 41 दर्ज की गई जो ‘अच्छी’श्रेणी में आती है।
बारिश से उन लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है, जो खुले में अपना काम करते हैं।
दिल्ली में कब तक बारिश?
मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले सात दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके तहत आज यानी 10 अक्टूबर को आसमान में बादल रहेंगे, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कल यानी 11 अक्टूबर को तापमान बढ़ेगा। हालांकि आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 19.2 डिग्री रह सकता है। कल यह 25 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री तक जा सकता है।
मौसम का पूर्वानुमान
12 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री जा सकता है। बुधवार को भी आसमान में बादल रहेंगे और कुछ जगहों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 13 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रह सकता है। इस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 13 अक्टूबर से बारिश की संभावना नहीं है। 14 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रह सकता है। 15 और 16 अक्टूबर को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग की भविष्यवाणी से साफ है कि बुधवार तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो सकती है, उसके बाद तापमान बढ़ेगा।
और बढ़ेगी महंगाई!
भारत के कई राज्यों में हो रही भारी बारिश से चावल, सोयाबीन, कॉटन, दालों और सब्जियों की फसलों को काफी नुकसान हो सकता है। ऐसे में किसानों और व्यापारियों का कहना है कि फूड इन्फ्लेशन यानी खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ सकते हैं। आगे चलकर चावल, गेहूं और चीनी जैसी चीजों के निर्यात पर पाबंदी भी लगाई जा सकती है।

