वाराणसी हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान यात्री की पिस्तौल से चली गोली, दो कर्मचारी घायल
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्तौल से अचानक गोली चल गई। इस हादसे में एक महिला सहित दो…
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्तौल से अचानक गोली चल गई। इस हादसे में एक महिला सहित दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब मुंबई जा रहे एक यात्री के हथियार की जांच की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, 55 वर्षीय कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX1810 से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। आजमगढ़ जिले के रहने वाले राय के पास एक लाइसेंसी पिस्तौल थी, जिसकी जानकारी उन्होंने यात्रा के लिए पहले ही दे दी थी। टर्मिनल भवन में सुरक्षा जांच के दौरान, प्रक्रिया के तहत उनकी पिस्तौल और कारतूसों को जांच के लिए निकाला गया।
जांच के दौरान हादसा
हवाई अड्डे पर तैनात सुरक्षा सहायक जब पिस्तौल में मौजूद कारतूसों की गिनती कर रहे थे, उसी समय अचानक एक राउंड फायर हो गया। गोली सीधे जांच कर रही महिला कर्मचारी के दोनों पैरों की जांघों में जा लगी। वहीं, पास में खड़े एक अन्य पुरुष सुरक्षा सहायक के बाएं हाथ के अंगूठे में भी चोट आई।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायल कर्मचारियों को हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कमलेश राय की पिस्तौल को अपने कब्जे में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जिनमें गोमती जोन के पुलिस उपायुक्त और पिंडरा-फूलपुर के सहायक पुलिस आयुक्त शामिल थे, मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह घटना कैसे हुई और क्या हथियार की जांच के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया में कोई चूक हुई थी। इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इनपुट: IANS



