मुंबई: वकालत छोड़ ड्रग्स तस्करी में उतरा गाजीपुर का युवक, 1.28 करोड़ की MD के साथ गिरफ्तार
मुंबई की दिंडोशी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.28 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ एक शख्स को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी पेशे से वकील है और…
मुंबई की दिंडोशी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.28 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ एक शख्स को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी पेशे से वकील है और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला है। उसने ज्यादा पैसा कमाने की चाहत में वकालत का पेशा छोड़कर ड्रग्स सप्लाई का रास्ता अपना लिया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दिंडोशी पुलिस स्टेशन की ड्रग्स स्क्वॉड टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में ड्रग्स की एक बड़ी खेप आने वाली है। इस सूचना पर पुलिस ने तुरंत योजना बनाकर संबंधित इलाके में जाल बिछाया और निगरानी बढ़ा दी।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने हाईराइज टावर क्षेत्र में सैटेलाइट टावर के पास ड्रग्स की डिलीवरी देने पहुंचे आरोपी को रंगे हाथ धर दबोचा। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 31 वर्षीय शिवाजी जयप्रकाश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर 680 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1.25 करोड़ से 1.28 करोड़ रुपये के बीच है।
दिल्ली से मुंबई तक फैले नेटवर्क की आशंका
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी को हर खेप पहुंचाने पर 12 प्रतिशत का कमीशन मिलता था। डीसीपी गजानन राजमाने ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एक पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। अब पुलिस इस सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि ड्रग्स की यह खेप दिल्ली से किसने भेजी थी और मुंबई में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी।
पुलिस को शक है कि इसके पीछे दिल्ली से मुंबई तक फैला एक बड़ा ड्रग्स नेटवर्क हो सकता है। आरोपी से मिले कुछ अन्य दस्तावेजों और उसके मोबाइल संपर्कों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल, आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की पूछताछ के लिए उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इनपुट: IANS



