शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
उत्तराखण्ड

उत्तराखंड: पति पर हत्या की साज़िश का आरोप लगाने वाली मंत्री रेखा आर्या की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्तीं

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत उस दिन बिगड़ी, जिस दिन उन्होंने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ हत्या की साजिश रचने और घरेलू…

उत्तराखंड: पति पर हत्या की साज़िश का आरोप लगाने वाली मंत्री रेखा आर्या की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्तीं
(फोटो: IANS)

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत उस दिन बिगड़ी, जिस दिन उन्होंने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ हत्या की साजिश रचने और घरेलू प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोपों में एफआईआर दर्ज कराई थी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, स्वास्थ्य में अचानक गिरावट के बाद उन्हें इंदर रोड स्थित केएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखरेख कर रही है।

विज्ञापन

इससे पहले, मंत्री ने एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती साझा की थी और बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कैंट थाने में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर में क्या हैं आरोप?

मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति पर कई संगीन आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, उनके पति ने अपनी पहली शादी और बच्चों की बात छिपाई थी। आरोप है कि उनके अन्य महिलाओं से भी अवैध संबंध हैं और जब भी उन्होंने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।

एफआईआर में यह भी कहा गया है कि उनके सरकारी आवास पर कर्मचारियों के सामने उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया। इसके अलावा, मंत्री ने आरोप लगाया है कि उनके जाली दस्तखत कर और फर्जी दस्तावेजों के जरिए उन्हें एक कंपनी के निदेशक पद से हटा दिया गया, जबकि उन्होंने कभी इस्तीफा दिया ही नहीं था।

हत्या की साजिश का दावा

शिकायत में सबसे गंभीर आरोप एक ऑडियो रिकॉर्डिंग को लेकर है। रेखा आर्या के मुताबिक, उन्हें हाल ही में एक ऑडियो मिला है जिसमें उनके पति कथित तौर पर किसी महिला से उन्हें जान से मारने की साजिश पर बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस ऑडियो के सामने आने के बाद उन्हें अपनी और अपने बच्चों की जान का खतरा महसूस हुआ, जिसके चलते उन्होंने पुलिस से मदद मांगी। एफआईआर दर्ज कराने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर महिलाओं से घरेलू अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील भी की।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तराखंड डेस्क

News4Social उत्तराखंड डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तराखंड से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →