UP Top News : मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास की तलाश में दबिश | UP Top News Mukhtar Ansari son MLA Abbas Ansari search Raids | Patrika News h3>
बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी के बेटे विधायक अब्बास अंसारी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। लखनऊ पुलिस ने अब्बास की तलाश में दिल्ली, गाजीपुर व मऊ समेत अन्य ठिकानों पर छापेमारी की है। पुलिस ने अब्बास के दो करीबी व्यापारियों जुगनू वालिया व यूसुफ के घर पर भी दबिश दी। हालांकि विधायक का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने अब्बास अंसारी की तलाश में 18 ठिकानों पर छापामारी की है। एसीपी महानगर जया शांडिल्य ने बताया कि विधायक अब्बास अंसारी की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। अब्बास के महानगर स्थित फ्लैट के अलावा दारुलशफा स्थित सरकारी आवास पर भी पुलिस टीम ने दबिश दी थी लेकिन विधायक वहां नहीं मिले। पुलिस अब अब्बास के मददगारों का पता लगा रही है। यह जानकारी जुटाई जा रही है कि अब्बास को कौन लोग मदद पहुंचा रहे हैं। पुलिस ने अब्बास के कई करीबियों से पूछताछ भी की है। सर्विलांस की मदद से विधायक की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।
रिटायर इंस्पेक्टर का दुस्साहस, ट्रैफिक सिपाही पर चढ़ा दी कार
सावन के सोमवार की वजह से चौकाघाट पुल बाराबंकी पर भारी भीड़ थी। उसी वक्त एक कार जा रही थी। उस कार को यातायात सिपाही ने रोका दिया। जिससे नाराज होकर कार में सवार रिटायर इंस्पेक्टर ने अपनी कार यातायात सिपाही फिरोज के पैर पर चढ़ा दी। यातायात सिपाही घायल हो गया। आरोपी पूर्व इंस्पेक्टर ने सिपाही को धमकाया थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला रफादफा कराया। आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख भी बताया जा रहा है। घायल सिपाही को सीएचसी रामनगर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कार में बैठे रामनगर थाना के मड़ना गांव निवासी हरिहर सिंह ने सिपाही को बताया कि वह रिटायर इंस्पेक्टर हैं। इस पर सिपाही ने कहा, भीड़ अधिक है। दस मिनट रुक जाइए अभी वह उन्हें पास करा देगा। इससे नाराज हरिहर सिंह ने अपनी कार सिपाही के पैर पर चढ़ा दी। जिससे हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
अपने घरों पर तिरंगा खुद लगा लेना : स्वामी प्रसाद मौर्य
प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर सपा के विधानपरिषद सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य ने कुशीनगर में गंभीर सवाल उठाते हुए अल्पसंख्यक समुदाय को सचेत रहने को कहा है। सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहाकि, भाजपा घरों पर तिरंगा लगाने के बहाने अल्पसंख्यकों के खिलाफ साजिश रच रही है। एक साजिश के तहत शरारती तत्वों के गुंडे अल्पसंख्यक बस्तियों में जाएंगे और तिरंगे को पैरों से कुचलेंगे लेकिन इसका दोष मुस्लिमों पर मढ़ा जाएगा। चुनाव से पहले भाजपा से अलग होकर अखिलेश यादव की साइकिल की सवारी करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि, अगर बस्तियों में तिरंगा लगाने कोई भी युवक जाए तो अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को उसकी फोटो जरूर खींच लेना चाहिए। उन्होंने कहा इंटेलिजेंस की रिपोर्ट है कि, ऐसा हर अल्पसंख्यक बस्तियों में किया जाएगा इसलिए साजिश से बचने के लिए मुसलमानों को अपने घरों पर तिरंगा खुद लगा लेना चाहिए।
मजहब के नाम पर बंटे तो कमजोर होंगे : सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, जब जाति, क्षेत्र, भाषा, मजहब के नाम पर बंटे होंगे तो यह हमारी ताकत को कमजोर करेगा। देश को कमजोर करेगा। बाजनगर स्थित काकोरी स्मृति स्थल पर क्रांतिकारियों श्रद्धांजलि देते हुए सीएम योगी ने कहा कि, प्रदेश के लोग सौभाग्यशाली हैं। 1857 के प्रथम समर की भूमि उत्तर प्रदेश रही है। चाहे वह मंगल पाण्डेय की ओर से जलाई गई क्रांति की चिनगारी हो या झांसी की रानी का उद्घोष कि, मैं झांसी कभी नहीं दूंगी। सीएम योगी ने कहा कि, 15 अगस्त को पूरा देश अमृत महोत्सव का साक्षी बनेगा। पीएम ने एक लक्ष्य रखा है कि अभी से 25 वर्ष की योजना बनाएं। जब हम आजादी की 100वीं वर्षगांठ मना रहे होंगे तब भारत कैसा होगा।