UP Election Result 2022: वेस्ट यूपी की सियासत में कांग्रेस का शून्य बरकरार, सभी कैंडिडेट की जमानत जब्त

142

UP Election Result 2022: वेस्ट यूपी की सियासत में कांग्रेस का शून्य बरकरार, सभी कैंडिडेट की जमानत जब्त

शादाब रिजवी, मेरठ:यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election Results) में वेस्ट यूपी की सियासत में कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली हैं। उसका सियासी शून्य बरकरार है। कांग्रेस के सभी कैंडिडेट की जमानत जब्त हो गई। प्रियंका गांधी का इस बार अकेला चलों का प्लान भी धराशायी हो गया। उनका रोड शो और रैली भी वोटरों को साधने में नाकाम रहा। कांग्रेस के एक भी प्रत्याशी का प्रदर्शन इस चुनाव में प्रभावी नहीं रहा।

2017 में कांग्रेस से वेस्ट यूपी के सहारनपुर से दो विधायक जीते थे। कांग्रेस अपना 2017 के चुनाव का प्रदर्शन भी दोहराने में नाकाम रही। सहारनपुर में मिली दो सीट भी कांग्रेस ने खो दी। इस बार वेस्ट यूपी में एक भी सीट नहीं मिली। मेरठ की सात सीटों में से सिर्फ मेरठ शहर में थोड़ी लड़ती दिखी। वैसे सभी सातों सीटों पर जमानत जब्त हो गई।

बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद के साथ ही सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, अलीगढ़, कासगंज, हाथरस आदि जिलों में भी कांग्रेस कोई करिश्मा नहीं कर सकी। वहां भी सभी कैंडिडेट के जमानत जब्त हो गई।

प्रियंका का भावनात्मक दांव भी सफल नहीं रहा। प्रियंका गांधी ने सीएए आंदोलन समेत रेप पीड़िता और अन्य मामलों के पीड़ितों या उनके परिवार के सदस्यों को टिकट दिया था, वह भी वोट हासिल नहीं कर सके।

कांग्रेस के कैंडिडेट चाचा-भतीजे की जमानत जब्त
मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर मौजूदा विधायक हाजी इकराम कुरैशी ने देहात सीट से चुनाव लड़ा। लेकिन वह बुरी तरह हारे। अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए। सिटिंग विधायक मात्र 2314 वोटों पर ही सिमट गए। 2017 में देहात सीट से सपा के टिकट पर हाजी इकराम कुरैशी को 98,000 वोट मिले थे और 21 हजार से भाजपा से जीते थे। इस बार उनकी सीट से सपा के नासिर कुरैशी को टिकट दिया। नासिर जीत गए। इकराम कुरैशी की जमानत जब्त हो गई है।

2017 में नगर निकाय के चुनाव में मेयर पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में इकराम कुरैशी के भतीजे रिजवान कुरैशी ने चुनाव लड़ा था। मेयर चुनाव में रिजवान को 73034 वोट मिले थे। अब विधानसभा में भतीजे रिजवान कुरैशी ने मुरादाबाद नगर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर सिर्फ 5,331 वोट पाए हैं। हालांकि रिजवान ने अपने चाचा इकराम कुरैशी से ज्यादा वोट प्राप्त किए हैं। लेकिन जमानत रिजवान कुरैशी की भी नहीं बच सकी।



Source link