यूपी: ओवैसी और चंद्रशेखर ने दिखाई ताकत, 'दलित CM-मुस्लिम डिप्टी CM' के नारे से साधा समीकरण
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में एक बड़ी राजनीतिक रैली देखने को मिली, जहां असदुद्दीन ओवैसी…
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में एक बड़ी राजनीतिक रैली देखने को मिली, जहां असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद एक मंच पर साथ आए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस 'बहुजन स्वराज संकल्प महारैली' के जरिए दोनों नेताओं ने दलित-मुस्लिम एकजुटता का संदेश देते हुए सत्ता में भागीदारी का एक नया नारा बुलंद किया है।
यह रैली आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम (AIMIM) के गठबंधन 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' की पहली बड़ी संयुक्त राजनीतिक कवायद थी। रैली स्थल पर लगे पोस्टर और होर्डिंग्स पर 'दलित का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा और अब्दुल का बेटा उपमुख्यमंत्री बनेगा' का नारा प्रमुखता से लिखा हुआ था, जो गठबंधन की भावी रणनीति की ओर साफ इशारा कर रहा था। मैदान में नीले और हरे झंडों की भरमार थी और समर्थक 'जय भीम' के नारे लगा रहे थे। आयोजकों ने इस रैली में पांच लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया है।
गठबंधन का संकल्प और नेताओं के बयान
रैली को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने वंचित समाज की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, "दबे-कुचले और वंचित समाज के लोगों के पास न खाने के लिए भोजन है और न पहनने के लिए कपड़े। उनके पास अगर कुछ है तो वह बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का दिया हुआ संविधान है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि दलित और मुसलमान कभी आपस में नहीं लड़े और न ही भविष्य में लड़ेंगे।
शौकत अली ने यह भी कहा कि उनके नेता (ओवैसी) और पार्टी के कार्यकर्ता मिलकर चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "जब अनुसूचित जाति समाज का बेटा प्रधानमंत्री बनेगा, तभी पिछड़ों को न्याय मिल सकेगा।" उनका कहना था कि गरीब, दलित, शोषित और वंचित समाज का बेटा प्रदेश की सत्ता संभाले, यही इस गठबंधन का संकल्प है।
'एक नए विकल्प के रूप में मोर्चा'
एआईएमआईएम के सचिव डॉ. आदिल के अनुसार, रैली में जुटी भीड़ यह संदेश दे रही है कि 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' उत्तर प्रदेश की जनता के लिए एक विकल्प बनकर उभर रहा है। उन्होंने बताया कि इस मोर्चे का उद्देश्य प्रदेश को एक नया राजनीतिक विकल्प देना और नई सरकार बनाने की दिशा में काम करना है। इस दौरान रैली में मौजूद कुछ समर्थकों ने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर तीखी टिप्पणियां भी कीं। एक समर्थक ने सपा नेता आजम खान पर निशाना साधते हुए कहा कि जेल में रहने के कारण उनका दिमाग खराब हो गया है।
इनपुट: IANS



