UP की सभी लोकसभा सीट जीतने में जुटी BJP, हारी हुई सीट पर Amit Shah और जेपी नड्डा का चलेगा मास्टर प्लान

20
UP की सभी लोकसभा सीट जीतने में जुटी BJP, हारी हुई सीट पर Amit Shah और जेपी नड्डा का चलेगा मास्टर प्लान

UP की सभी लोकसभा सीट जीतने में जुटी BJP, हारी हुई सीट पर Amit Shah और जेपी नड्डा का चलेगा मास्टर प्लान


लखनऊ: सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों को जीतने का लक्ष्य रखा है। इस कड़ी में पहली प्राथमिकता उन 14 सीटों को जीतने की है, जिसे BJP 2019 में जीत नहीं सकी थी। इन 14 क्षेत्रों में पार्टी के दिग्गज नेताओं के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि यूपी में हारी हुई सीटों को आगे जीत में बदलने के लिए अमित शाह और जेपी नड्डा दौरा करेंगे।

उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में 14 सीटें ऐसी हैं जिसे 2019 में BJP जीत नहीं सकी थी, लेकिन उपचुनावों में समाजवादी पार्टी (SP) के प्रभाव वाली आजमगढ़ और रामपुर जैसी सीटों को जीतने के बाद पार्टी का उत्साह बढ़ा है। राज्य की 80 सीटों में बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रायबरेली, घोसी, लालगंज, जौनपुर, अंबेडकर नगर, गाजीपुर, श्रावस्ती, मैनपुरी, सहारनपुर और नगीना सीटों पर अभी गैर BJP दलों का कब्जा है। इनमें 10 सीटों पर बहुजन समाज पार्टी (BSP), तीन सीटों पर SP और रायबरेली सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का प्रतिनिधित्व है।

BJP के एक सीनियर नेता ने बताया कि हारी हुई सीटों पर पार्टी ने अपनी ताकत, कमजोरी, चुनौतियों और खतरों का आकलन करने के लिए चार केंद्रीय मंत्रियों नरेंद्र सिंह तोमर, अन्नपूर्णा देवी, अश्विनी वैष्‍णव और जितेन्‍द्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी है। ये मंत्री पहले चरण में इन क्षेत्रों का आकलन कर पार्टी को रिपोर्ट दे चुके हैं। इन 14 सीटों पर संगठन और सरकार के बीच समन्वय बनाने के लिए संगठन के तजुर्बेकार BJP के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य को अधिकृत किया गया है।

पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार, नरेंद्र सिंह तोमर को लालगंज, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती और रायबरेली, अन्नपूर्णा देवी को जौनपुर, गाजीपुर, घोसी, जितेन्‍द्र सिंह को मैनपुरी, संभल, मुरादाबाद और अमरोहा और अश्विनी वैष्‍णव को सहारनपुर, नगीना और बिजनौर लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी की तैयारियों को परखने और निगरानी की जिम्मेदारी मिली है।

पिछले महीने लखनऊ में हुई BJP की कार्यसमिति में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने राज्य की सभी 80 लोकसभा सीटों को जीतने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी। इस कड़ी में राजनीतिक, सामाजिक समीकरण साधने के साथ ही पार्टी ने केंद्र और राज्‍य सरकार की कई योजनाओं के लाभार्थी समूहों के साथ बैठक करने और कोर कमिटी, बूथ कमिटी से लेकर समाज के सक्रिय वर्गों से संवाद शुरू किया है।

नड्डा और शाह करेंगे दौरा

पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नड्डा का दौरा होगा और गृह मंत्री अमित शाह समेत दूसरे सीनियर नेता भी हारी हुई सीटों पर दौरा करेंगे। BJP के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में जिन बूथों पर राजनीतिक परिणाम हमारे अनुकूल नहीं आए, वहां हम बूथ सशक्तिकरण के माध्यम से उन बूथों की पहचान कर जनता से संवाद स्थापित कर रहे हैं। BJP सरकार की ओर से किए जा रहे लोकहित कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को उन तक पहुंचा रहे हैं।

मैनपुरी पर कब्जा नहीं जा सकी है BJP

BJP ने पिछले वर्ष हुए उपचुनाव में SP प्रमुख अखिलेश यादव के प्रतिनिधित्व वाली आजमगढ़ और SP के वरिष्ठ नेता आजम खान के प्रतिनिधित्व वाली रामपुर सीट को SP के कब्जे से छीनकर अपने हिस्से में कर लिया। हालांकि, SP संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उनकी मैनपुरी सीट पर हुए उपचुनाव में BJP को सफलता नहीं मिल सकी। आजादी के बाद से ही इस सीट पर जनसंघ या BJP को कभी भी जीत हासिल करने का मौका नहीं मिला। इस सीट को जीतकर SP प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव SP और मुलायम की विरासत को बचाने में कामयाब रहीं।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News