बेन स्टोक्स की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी, डरहम के लिए वनडे कप में खेलेंगे
इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स एक बार फिर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने को तैयार हैं। पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद यह उनका पहला मुकाबला ह
इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स एक बार फिर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने को तैयार हैं। पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद यह उनका पहला मुकाबला होगा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, स्टोक्स वनडे कप के शुरुआती दौर में अपने घरेलू क्लब डरहम की ओर से डर्बीशायर के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।
दिलचस्प बात यह है कि स्टोक्स की यह वापसी उसी दिन हो रही है, जिस दिन इंग्लैंड में 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट का नया सीजन शुरू हो रहा है। स्टोक्स ने खिलाड़ियों की नीलामी में अपना नाम नहीं दिया था और उन्होंने इंग्लैंड की जिम्मेदारियों से संन्यास लेने से पहले ही डरहम के लिए वनडे कप में खेलने पर सहमति जता दी थी।
लंबे अंतराल के बाद 50 ओवर का क्रिकेट
35 वर्षीय स्टोक्स ने इंग्लैंड के लिए 2023 वनडे वर्ल्ड कप अभियान के बाद से 50 ओवर का क्रिकेट नहीं खेला है। डर्बीशायर के खिलाफ मंगलवार को होने वाला यह मैच 12 वर्षों में डरहम के लिए उनका पहला घरेलू एकदिवसीय मुकाबला भी होगा। उन्होंने आखिरी बार 2014 में वारविकशायर के खिलाफ वनडे कप फाइनल में डरहम के लिए 50 ओवर का मैच खेला था, जिसमें उनकी टीम विजयी रही थी।
'नई ऊर्जा महसूस हुई'
'बीबीसी' स्पोर्ट के मुताबिक, स्टोक्स ने अपने फैसले पर कहा, "जब मैं दूसरे टेस्ट में नहीं खेल रहा था और डरहम वापस लौटा, तो मुझे खेल के प्रति एक नई ऊर्जा महसूस हुई, लेकिन दुर्भाग्य से मैं उस एहसास को फिर से नहीं पा सका। मैं भविष्य में जो करने जा रहा हूं, उसे लेकर बहुत उत्साहित हूं।" उन्होंने आगे कहा, "मैं अपने बचपन के क्लब डरहम के लिए खेलने वापस जा रहा हूं। मैं अभी बहुत जोश में हूं। इस हफ्ते कुछ पल ऐसे भी आए जो वाकई बहुत मुश्किल थे। मैंने सही फैसला लिया है।"
न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के तीसरे टेस्ट के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर स्टोक्स ने सबको चौंका दिया था। अब वनडे कप के बाद उनके सीजन के अंत से पहले काउंटी चैंपियनशिप में भी डरहम के लिए खेलने की संभावना है।
इनपुट: IANS



