मधुबनी जेल में युवक की मौत: तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल, सरकार पर लगाया 'पुलिस स्टेट' बनाने का आरोप
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश कुमार सरकार पर तीखा हमला बोला है। मधुबनी जेल में एक युवक की संदिग्ध मौत और अन्य आपराधिक घटनाओं का हवाला देते…
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश कुमार सरकार पर तीखा हमला बोला है। मधुबनी जेल में एक युवक की संदिग्ध मौत और अन्य आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार को 'पुलिस स्टेट' में तब्दील किया जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को तेजस्वी ने मधुबनी और हाजीपुर में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
मामला 19 वर्षीय रोशन यादव की मौत से जुड़ा है, जिसका शव 10 अगस्त को मधुबनी जेल के अंदर कथित तौर पर फंदे से लटका मिला था। जेल प्रशासन ने इसे आत्महत्या बताया है, लेकिन तेजस्वी यादव ने इस दावे को खारिज करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
जांच पर उठाए गंभीर सवाल
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मृतक रोशन के शरीर पर चोट के कई निशान थे। उन्होंने कहा, "पुलिस ने जिस तरह से एक 19 साल के लड़के के साथ अमानवीय व्यवहार किया, वह गंभीर चिंता का विषय है। हम बिहार को पुलिस स्टेट नहीं बनने देंगे।" राजद नेता के अनुसार, रोशन को पहले 27 मई को शस्त्र अधिनियम के एक मामले में जेल भेजा गया था। रिहाई के बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया और पुलिस हिरासत में बेरहमी से पीटा गया, प्रताड़ित किया गया और यहां तक कि बिजली के झटके भी दिए गए।
बढ़ते अपराध पर सरकार को घेरा
तेजस्वी यादव ने कहा कि यह एक बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मधुबनी जाने से पहले, वे हाजीपुर भी गए थे, जहां उन्होंने कुछ दिन पहले अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दिए गए पूर्व स्व. रामनरेश राय के परिवार से मुलाकात की।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कई घटनाओं में लंबा समय बीत जाने के बाद भी दोषियों की गिरफ्तारी पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, जिससे पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने मांग की कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए और पीड़ित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। तेजस्वी ने कहा कि उनकी पार्टी पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
इनपुट: IANS



