एजबेस्टन में भारत की शानदार जीत, 12 साल बाद इंग्लैंड का विजय रथ रोका
भारतीय क्रिकेट टीम ने बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को 6 विकेट से मात दे दी है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने न सिर्फ वनडे सीरीज में शानदार आगाज किया, बल्कि मेजबान ट
भारतीय क्रिकेट टीम ने बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को 6 विकेट से मात दे दी है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने न सिर्फ वनडे सीरीज में शानदार आगाज किया, बल्कि मेजबान टीम के एक लंबे सिलसिले को भी तोड़ दिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस हार के साथ ही एजबेस्टन में इंग्लैंड का 12 साल से चला आ रहा विजय रथ थम गया है।
दिलचस्प बात यह है कि इंग्लैंड को इस मैदान पर आखिरी बार वनडे में 2014 में भारत के हाथों ही हार मिली थी। उसके बाद से इंग्लिश टीम यहां कोई भी एकदिवसीय मैच नहीं हारी थी। लेकिन मंगलवार को शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने इस रिकॉर्ड को बदल दिया।
गेंदबाजों का दमदार प्रदर्शन
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 258 रनों पर सिमट गई। एक समय जैकब बेथेल (14) और बेन डकेट (43) ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दी थी। लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और कप्तान हैरी ब्रूक (1), जोस बटलर (5) और सैम करन (0) जैसे बड़े विकेट जल्दी चटका लिए। 80 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद जो रूट और लियाम डॉसन ने पारी को संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 121 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। रूट 76 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि डॉसन ने 68 रनों का योगदान दिया। भारत की तरफ से गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने 62 रन देकर 4 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार को भी दो-दो सफलताएं मिलीं।
बल्लेबाजों ने दिलाई आसान जीत
259 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 45.2 ओवर में ही 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। हालांकि, रोहित शर्मा (11) और विराट कोहली (5) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल ने 75 गेंदों पर 80 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके बाद वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। श्रेयस अय्यर 35 रन बनाकर रन आउट हुए। अंत में, वॉशिंगटन सुंदर (52*) और अक्षर पटेल (57*) ने नाबाद अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई।
इनपुट: IANS



