सोमवार, 9 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
दिल्ली

बुराड़ी: दिवाली की रात दो भाइयों पर जानलेवा हमला, कैश लूटकर नई बुलेट बाइक में लगाई आग

दिवाली की रात दिल्ली के बुराड़ी इलाके में दो भाइयों पर एक दर्जन से ज़्यादा लोगों की भीड़ ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ़ पीड़ितों से हज़ारों रुपये लूटे, बल्कि उनकी नई बुलेट मोटरसाइकिल…

बुराड़ी: दिवाली की रात दो भाइयों पर जानलेवा हमला, कैश लूटकर नई बुलेट बाइक में लगाई आग
(फोटो: IANS)

दिवाली की रात दिल्ली के बुराड़ी इलाके में दो भाइयों पर एक दर्जन से ज़्यादा लोगों की भीड़ ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ़ पीड़ितों से हज़ारों रुपये लूटे, बल्कि उनकी नई बुलेट मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

विज्ञापन

पीड़ित आदेश ने बताया कि यह वारदात रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच गांधी चौक के पास हुई, जब वे अपने भाई के साथ कहीं से लौट रहे थे। उनके मुताबिक, 10-15 लोगों के एक समूह ने उन्हें रोककर उनकी जेब में हाथ डाला और पैसे व मोबाइल छीनने की कोशिश की।

चाकू और रॉड से हमला

जब दोनों भाइयों ने इस लूट का विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर लाठी, डंडे, चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आदेश ने बताया, "उन्होंने हमारे सिर पर रॉड से हमला किया, जिससे काफी गहरी चोट आई। मेरे सिर में पांच-छह टांके भी लगे हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि हमलावर उनके लिए अनजान थे, हालांकि उनमें से एक-दो लोग पहचान के थे जो पास की गली नंबर छह में रहते हैं।

हमले में दूसरे भाई को भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित के अनुसार, "मेरे छोटे भाई को भी चाकू मारा गया है। इसकी पीठ में चाकू घोंप दिया गया और आंख पर रॉड से हमला किया गया।" उन्होंने बताया कि भाई की पीठ पर सात टांके आए हैं।

जान बचाकर भागे, बाइक में लगाई आग

अपनी जान बचाने के लिए दोनों भाई पास की एक गली के घर में घुस गए, लेकिन हमलावरों ने वहां भी पत्थरों से हमला जारी रखा। आदेश ने कहा, "जब हम अपनी जान बचाकर वहां से भागे तो उन्होंने हमारी बाइक को भी आग के हवाले कर दिया।" पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने उनके मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिए और सारा कैश लूट लिया। आदेश के पास लगभग 17-18 हजार रुपये और उनके भाई के पास 6-7 हजार रुपये थे।

पीड़ितों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, "हमने पुलिस से शिकायत की। 100 नंबर पर कई बार कॉल की, लेकिन लगभग दो घंटे बाद पीसीआर पहुंची और वह भी मौके पर नहीं आई।" उनका आरोप है कि घटना के बारह घंटे बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इनपुट: IANS

N

News4Social दिल्ली डेस्क

News4Social दिल्ली डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से दिल्ली और एनसीआर से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →