शेयर बाज़ार में गिरावट का चौथा दिन, फार्मा और मेटल शेयरों ने डाला दबाव
भारतीय शेयर बाज़ारों में लगातार चौथे कारोबारी दिन भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। शुक्रवार को कारोबार बंद होने पर दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए…
भारतीय शेयर बाज़ारों में लगातार चौथे कारोबारी दिन भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। शुक्रवार को कारोबार बंद होने पर दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस गिरावट के पीछे मुख्य रूप से फार्मा और मेटल सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा।
शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 70.71 अंक (0.09%) गिरकर 78,009.25 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 29.85 अंक (0.12%) की कमजोरी के साथ 24,366 पर आ गया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशक फिलहाल ऊर्जा की कीमतों और वैश्विक बॉन्ड यील्ड को लेकर स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं, जिसके चलते बाज़ार एक सीमित दायरे में बना हुआ है।
किन सेक्टर में रही कमजोरी और तेज़ी?
कमजोरी दिखाने वाले सेक्टरों में निफ्टी फार्मा (0.90%) और निफ्टी मेटल (0.71%) सबसे आगे रहे। इनके अलावा निफ्टी ऑटो, पीएसयू बैंक, कमोडिटीज, पीएसई, ऑयल एंड गैस और हेल्थकेयर इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए।
हालांकि, कुछ सेक्टरों में खरीदारी भी देखने को मिली। निफ्टी मीडिया में सबसे ज्यादा 0.96% की बढ़त रही। इसके साथ ही निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, इन्फ्रा, सर्विसेज और कंजप्शन इंडेक्स भी हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे। बाजार दिन के निचले स्तरों से सुधरकर बंद हुआ, जिसका नेतृत्व मांग में सुधार के चलते कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों ने किया।
छोटे और मझोले शेयरों का हाल
बड़े शेयरों (लार्जकैप) के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में भी गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 339.40 अंक (0.53%) फिसलकर 63,782.15 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 136.55 अंक (0.69%) गिरकर 19,738.55 पर बंद हुआ।
चढ़ने और गिरने वाले प्रमुख शेयर:
- बढ़त वाले शेयर (Gainers): भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, एमएंडएम, एचडीएफसी बैंक।
- गिरावट वाले शेयर (Losers): एशियन पेंट्स, इंडिगो, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, एसबीआई, एचसीएल टेक, सन फार्मा, टाटा स्टील।
इनपुट: IANS



