सीतापुर: पुलिस चौकी के पास युवक को गोली मारी, पैसे के लेनदेन का विवाद बनी वजह
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शुक्रवार रात एक पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक अब्दुल मोईन को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ…
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शुक्रवार रात एक पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक अब्दुल मोईन को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में घटना की वजह पैसों का लेनदेन बताया जा रहा है।
यह वारदात नैपालापुर पुलिस चौकी के पास तब हुई जब पक्काबाग निवासी अब्दुल मोईन अपने भाई के साथ कार से नमरा हॉस्पिटल दवा लेने जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान खैराबाद निवासी सद्दाम और उसके एक साथी ने उन्हें घेर लिया। कहासुनी के बाद आरोपियों ने मोईन पर फायरिंग शुरू कर दी।
हमला और उसके बाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में भगदड़ मच गई। इनमें से एक गोली मोईन की पीठ में जा लगी और वह वहीं गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि घायल के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, "गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई थी। सद्दाम समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।" पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चल रहा था। मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इनपुट: IANS



