बुधवार, 25 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
शिक्षा

भारत में कैंपस खोलेंगे विदेशी विश्वविद्यालय, सरकार ने 17 संस्थानों को जारी किए आशय पत्र

भारत की शिक्षा व्यवस्था को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। देश में अब ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और इटली जैसे देशों के नामी विश्वविद्यालय अपने कैंपस खोल…

भारत में कैंपस खोलेंगे विदेशी विश्वविद्यालय, सरकार ने 17 संस्थानों को जारी किए आशय पत्र
(फोटो: IANS)

भारत की शिक्षा व्यवस्था को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। देश में अब ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और इटली जैसे देशों के नामी विश्वविद्यालय अपने कैंपस खोल सकेंगे। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार ने ऐसे 17 विदेशी संस्थानों को भारत में परिसर स्थापित करने के लिए आशय पत्र (Letters of Intent) जारी कर दिए हैं। यह जानकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने 25 नवंबर को संसद की शिक्षा मंत्रालय की सलाहकार समिति की पहली बैठक में दी।

विज्ञापन

इस बैठक का मुख्य एजेंडा भारतीय शिक्षा के अंतरराष्ट्रीय विस्तार पर चर्चा करना था। केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रभाव सदियों से दुनिया पर रहा है और अब सरकार का लक्ष्य इसे और व्यापक बनाना है। इस उद्देश्य के लिए दोहरी रणनीति अपनाई जा रही है — एक तरफ विदेशी विश्वविद्यालयों को भारत आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ भारतीय संस्थानों को विदेशों में अपने परिसर खोलने में मदद दी जा रही है।

शिक्षा के वैश्वीकरण की चार सूत्रीय रणनीति

उच्च शिक्षा विभाग ने बैठक में बताया कि भारतीय शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए चार प्रमुख रणनीतियों पर काम चल रहा है। इनमें शामिल हैं:

  • भारतीय और विदेशी संस्थानों के बीच अकादमिक व शोध में साझेदारी बढ़ाना।
  • विदेशी छात्रों को भारत में पढ़ाई के लिए आकर्षित करना ('स्टडी इन इंडिया' पोर्टल)।
  • विदेशी विश्वविद्यालयों को भारत में कैंपस खोलने की अनुमति देना।
  • भारतीय विश्वविद्यालयों को विदेशों में अपने परिसर स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना।

इस बैठक में शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि देश में पहले से ही लगभग 21 विदेशी उच्च शिक्षण संस्थान काम कर रहे हैं।

स्कूली शिक्षा का भी बढ़ रहा दायरा

सिर्फ उच्च शिक्षा ही नहीं, बल्कि स्कूली शिक्षा के स्तर पर भी भारत की वैश्विक पहुँच बढ़ रही है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अनुसार, दुनिया के 26 देशों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध 268 स्कूल चल रहे हैं। CBSE ने दुबई में अपना एक क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विदेशों में CBSE स्कूलों की बढ़ती मांग भारतीय शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को दर्शाती है। बैठक में मौजूद सांसदों ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे कई सुझाव भी दिए।

इनपुट: IANS

N

News4Social एजुकेशन डेस्क

News4Social एजुकेशन डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से शिक्षा से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →