NHPC में ट्रेनी इंजीनियर और ऑफिसर बनने का मौका, GATE-2026 स्कोर से होगी 47 पदों पर भर्ती
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन (NHPC) लिमिटेड एक शानदार अवसर लेकर आया है। एनएचपीसी ने विभिन्न क्षेत्रों में ट्रेनी इंजीनियर और ट्रेनी ऑफिसर के कुल…
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन (NHPC) लिमिटेड एक शानदार अवसर लेकर आया है। एनएचपीसी ने विभिन्न क्षेत्रों में ट्रेनी इंजीनियर और ट्रेनी ऑफिसर के कुल 47 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन पदों पर चयन ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE)-2026 के स्कोर के आधार पर किया जाएगा।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 27 नवंबर सुबह 10 बजे से इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की प्रक्रिया 26 दिसंबर शाम 5 बजे समाप्त हो जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि से पहले NHPC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर लें।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां?
एनएचपीसी द्वारा जारी इस भर्ती अभियान में कुल 47 पद भरे जाएंगे, जिनका विवरण इस प्रकार है:
- ट्रेनी इंजीनियर/ऑफिसर (IT): 14 पद
- ट्रेनी इंजीनियर (E&C): 11 पद
- ट्रेनी इंजीनियर/ऑफिसर (पर्यावरण): 11 पद
- ट्रेनी ऑफिसर (भूविज्ञान): 7 पद
- ट्रेनी ऑफिसर (भूभौतिकीविद्): 4 पद
पात्रता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 26 दिसंबर 2026 के आधार पर होगी। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग है, जिसमें संबंधित विषय में इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी में बैचलर डिग्री या M.Sc./MCA जैसी योग्यताएं शामिल हैं।
चयन प्रक्रिया: उम्मीदवारों को GATE-2026 के स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद उन्हें ग्रुप डिस्कशन (GD) और पर्सनल इंटरव्यू से गुजरना होगा। अंतिम चयन मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को ₹50,000 से ₹1,60,000 प्रति माह के वेतनमान के साथ अन्य भत्ते और लाभ भी मिलेंगे।
आवेदन शुल्क
सामान्य, EWS और OBC (NCL) वर्ग के उम्मीदवारों को ₹708 का आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। वहीं, SC/ST, PwBD, महिला और पूर्व सैनिकों को आवेदन शुल्क के भुगतान से छूट दी गई है।
इनपुट: IANS



