नेपाल में भूस्खलन त्रासदी: चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शोक जताया, मदद का दिया भरोसा
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शुक्रवार को नेपाल में हुए एक भीषण भूस्खलन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने अपने नेपाली समकक्ष राम चंद्र पौडेल को एक शोक संदेश भेजकर…
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शुक्रवार को नेपाल में हुए एक भीषण भूस्खलन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने अपने नेपाली समकक्ष राम चंद्र पौडेल को एक शोक संदेश भेजकर पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना जताई और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
यह आपदा चीन-नेपाल सीमा पर स्थित चिलोंग-रासोवा सीमा चौकी के पास हुई, जिसमें भारी जान-माल का नुकसान हुआ। इस भूस्खलन में कई लोगों की जान चली गई और कई अन्य अब भी लापता हैं। अपने संदेश में, राष्ट्रपति शी ने चीनी सरकार और जनता की ओर से मृतकों के परिवारों, घायलों और आपदा प्रभावित लोगों के प्रति हार्दिक सहानुभूति प्रकट की।
चीन के बचाव और राहत प्रयास
शी चिनफिंग ने इस बात पर ज़ोर दिया कि चीन हताहतों की संख्या कम करने और किसी भी संभावित द्वितीयक आपदा को रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि लापता लोगों की तलाश, प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने और घायलों को तत्काल चिकित्सा उपचार देने के लिए चीन पूरी तरह सक्रिय है।
चीन और नेपाल के गहरे संबंधों का उल्लेख करते हुए शी ने कहा, "चीन और नेपाल भौगोलिक रूप से जुड़े हुए पड़ोसी देश हैं और दोनों देशों के लोगों का भविष्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है।" उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देश मिलकर इस आपदा से उबर जाएँगे। उन्होंने यह भी कहा कि चीन नेपाल के राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से सहायता करने और अपनी क्षमता के अनुसार हरसंभव समर्थन देने के लिए तैयार है।
इसी दिन चीन के प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने भी नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को एक अलग शोक संदेश भेजा।
इनपुट: IANS



