रेलवे का वीर जवानों को सम्मान, अब वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे
भारतीय सशस्त्र बलों के वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए रेलवे ने एक बड़ी घोषणा की है। अब 'चक्र' श्रृंखला के पुरस्कार से सम्मानित सैनिक और अधिकारी वंदे भारत एक्सप्रेस समेत देश की सभी ट्रेनों में मुफ्…
भारतीय सशस्त्र बलों के वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए रेलवे ने एक बड़ी घोषणा की है। अब 'चक्र' श्रृंखला के पुरस्कार से सम्मानित सैनिक और अधिकारी वंदे भारत एक्सप्रेस समेत देश की सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला रक्षा मंत्रालय के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।
पहले यह सुविधा कुछ चुनिंदा और निर्धारित ट्रेनों तक ही सीमित थी, लेकिन अब इसका दायरा बढ़ा दिया गया है। बुधवार को सेना द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस नई व्यवस्था के तहत वीरता पुरस्कार विजेता अब वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों में भी बिना कोई शुल्क दिए यात्रा करने के पात्र होंगे।
किन पुरस्कार विजेताओं को मिलेगा लाभ?
यह सुविधा 'चक्र' श्रृंखला के सभी वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए है। इनमें देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र शामिल हैं। इसके अलावा, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र से सम्मानित वीरों को भी यह लाभ मिलेगा। ये पुरस्कार युद्ध या शांति काल में दुश्मन के सामने असाधारण बहादुरी, साहस और बलिदान का प्रदर्शन करने के लिए दिए जाते हैं।
मौजूदा सुविधाओं पर कोई असर नहीं
रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस विस्तार से पुरस्कार विजेताओं को पहले से मिल रहे यात्रा संबंधी अधिकारों और पात्रता में कोई बदलाव नहीं होगा। उनकी मौजूदा सुविधाएं पहले की तरह ही जारी रहेंगी। यह कदम केवल मुफ्त यात्रा की सुविधा को सभी ट्रेनों तक विस्तारित करने के लिए है। इस पहल को देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
इनपुट: IANS



