नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' पर विवाद, प्रदर्शन रोकने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर
निर्देशक नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' रिलीज से पहले ही कानूनी विवादों में घिर गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, फिल्म के कुछ दृश्यों और संवादों पर धार्मिक भावनाओं को…
निर्देशक नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' रिलीज से पहले ही कानूनी विवादों में घिर गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, फिल्म के कुछ दृश्यों और संवादों पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए झारखंड हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में फिल्म के प्रदर्शन पर तब तक रोक लगाने की मांग की गई है, जब तक कि आपत्तिजनक हिस्सों को हटाकर इसे महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप नहीं बना दिया जाता।
यह याचिका अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी ने दाखिल की है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी समेत अन्य संबंधित पक्षों को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि फिल्म में मूल कथा के साथ छेड़छाड़ की गई है और रावण को महिमामंडित किया गया है।
आपत्ति के मुख्य बिंदु क्या हैं?
याचिका में कई दृश्यों पर आपत्ति जताई गई है, जिन्हें मूल कथा की मर्यादा और पारंपरिक चरित्र चित्रण के विरुद्ध बताया गया है। इनमें शूर्पणखा की नाक काटे जाने पर सीता का विरोध करना, मारीच वध के प्रसंग में सीता के मुख से राम का नाम निकलना, और वनवास से जुड़े प्रसंगों में लक्ष्मण के व्यवहार में बदलाव शामिल हैं। इसके अलावा, भगवान राम, सीता और लक्ष्मण को भागते हुए दिखाए जाने वाले दृश्यों को भी शिकायत का आधार बनाया गया है।
अन्य संगठनों का भी विरोध
हाईकोर्ट में याचिका दायर होने से पहले भी कई संगठन इस फिल्म पर अपनी आपत्ति दर्ज करा चुके हैं। हिंदू जनजागृति समिति और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने फिल्म के पात्रों और संवादों पर सवाल उठाए हैं। समिति के प्रवक्ता सतीश कोचरेकर ने मुंबई के एक पुलिस स्टेशन में निर्माता-निर्देशक के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी। विहिप ने भी फिल्म की स्क्रीनिंग रोकने की मांग की है। विरोध कर रहे संगठनों का कहना है कि विवादित दृश्यों को हटाया जाए और फिल्म के अगले भाग की पटकथा की समीक्षा विद्वानों और संतों से कराई जाए।
इनपुट: IANS



