बिहार में पशु चिकित्सा पदाधिकारी बनने का मौका, 787 पदों पर भर्ती की अंतिम तिथि नजदीक
बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अहम खबर है। राज्य के डेयरी, मत्स्य पालन और पशु संसाधन विभाग में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी और समकक्ष पदों पर भर्तियां निकली हैं। समाचार…
बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अहम खबर है। राज्य के डेयरी, मत्स्य पालन और पशु संसाधन विभाग में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी और समकक्ष पदों पर भर्तियां निकली हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) ने कुल 787 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसकी प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार जो अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे 23 अक्टूबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर से ही जारी है। उम्मीदवार बीटीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इन पदों पर आवेदन करने के लिए कुछ शैक्षणिक और अन्य योग्यताएं निर्धारित की गई हैं।
शैक्षणिक योग्यता: उम्मीदवार के पास वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीवीएससी (बैचलर ऑफ वेटरनरी साइंस) या बीवीएससी एवं एएच (बैचलर ऑफ वेटरनरी साइंस एंड एनिमल हसबेंडरी) की डिग्री होनी अनिवार्य है। साथ ही, आवेदक का बिहार वेटरनरी काउंसिल में स्थायी रूप से पंजीकृत होना भी जरूरी है।
आयु सीमा: इन पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष रखी गई है। पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष और महिला उम्मीदवारों के लिए 40 वर्ष है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों की प्रक्रिया के बाद किया जाएगा। इसमें आवेदनों की जांच, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) और दस्तावेजों का सत्यापन शामिल है। इसके बाद अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को 53,100 रुपये से लेकर 1,67,800 रुपये प्रति माह का वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त उन्हें अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे। सभी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन करना होगा।
इनपुट: IANS



