ईरान ने UN में की अमेरिका की शिकायत, नागरिक ठिकानों पर हमले का लगाया आरोप
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उस पर अपने नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ईरान ने कहा है कि इन हमलों से उसके…
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उस पर अपने नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ईरान ने कहा है कि इन हमलों से उसके बंदरगाहों, संचार सुविधाओं और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को भारी नुकसान पहुंचा है, जो अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है।
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के स्थायी प्रतिनिधि अमीर-सईद इरावानी ने महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को लिखे एक पत्र में इन हमलों की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी हमलों के कारण हुई मौतों, घायलों और पर्यावरणीय क्षति के लिए सीधे तौर पर अमेरिका जिम्मेदार है। इरावानी ने चेतावनी दी कि इन कार्रवाइयों से अंतरराष्ट्रीय शांति, समुद्री नौवहन की स्वतंत्रता और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
पेयजल संकट और बुनियादी ढांचे को नुकसान
पत्र में विशेष रूप से होर्मोजगान प्रांत के जस्क काउंटी स्थित बुंजी गांव का उल्लेख किया गया है। ईरानी अधिकारियों ने दावा किया है कि वहां एक अमेरिकी हमले में समुद्री जल को साफ करने वाले (डिसेलिनेशन) संयंत्र के पंप क्षतिग्रस्त हो गए। इस वजह से आसपास के करीब 20 गांवों की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
होर्मोजगान वाटर एंड वेस्टवॉटर कंपनी के प्रमुख हम्जेह पूर के हवाले से ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि इस घटना से लगभग 10,000 लोग प्रभावित हुए हैं। पूर के मुताबिक, हमले में संयंत्र का पंपिंग स्टेशन और एक बिजली ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह नष्ट हो गए, जिससे प्रभावित गांवों में गंभीर जल संकट खड़ा हो गया है।
आईआरजीसी का जवाबी हमले का दावा
इस बीच, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने भी जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। आईआरजीसी ने बताया कि उसने कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, इन हमलों में कुवैत के अल-अहमदी बंदरगाह पर अमेरिकी नौसेना के फ्यूल सपोर्ट पियर, बहरीन के शेख ईसा एयरबेस और बहरीन में ही स्थित अमेरिकी खुफिया डेटा सेंटर 'बटेल्को' को निशाना बनाया गया।
इनपुट: IANS



