मुंबई: एयर इंडिया की नई इमारत पर अमर होंगे संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के 106 शहीद
महाराष्ट्र के इतिहास में मील का पत्थर माने जाने वाले संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के 106 शहीदों को राज्य सरकार एक स्थायी सम्मान देने जा रही है। मुंबई स्थित एयर इंडिया की नई प्रशासनिक इमारत के मुख्य…
महाराष्ट्र के इतिहास में मील का पत्थर माने जाने वाले संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के 106 शहीदों को राज्य सरकार एक स्थायी सम्मान देने जा रही है। मुंबई स्थित एयर इंडिया की नई प्रशासनिक इमारत के मुख्य प्रवेश द्वार पर अब इन सभी शहीदों के नाम अंकित किए जाएंगे, ताकि उनके बलिदान की गाथा आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के मुख्य सचिव को इस फैसले पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। यह प्रस्ताव राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने मुख्यमंत्री को एक पत्र के माध्यम से दिया था। उन्होंने मांग की थी कि इन शहीदों के योगदान को सम्मानजनक तरीके से सहेजा जाना चाहिए।
प्रस्ताव और उसका उद्देश्य
मंत्री आशीष शेलार ने अपने पत्र में बताया कि सरकार के नियंत्रण में आई एयर इंडिया की इमारत का अभी नवीनीकरण चल रहा है और जल्द ही यहां से प्रशासनिक कामकाज शुरू हो जाएगा। उन्होंने सुझाव दिया कि इसी दौरान इमारत के मुख्य प्रवेश द्वार पर, जहां से सभी की आवाजाही होती है, एक दर्शनीय स्थान पर 106 शहीदों के नाम स्थायी रूप से अंकित किए जाएं।
उन्होंने कहा, "जिनके बलिदान से हमें महाराष्ट्र मिला, उनका स्मरण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। शहीदों के त्याग का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उनके नाम प्रशासनिक इमारत पर लगाना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।"
क्या है संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन?
भाषाई आधार पर महाराष्ट्र राज्य के गठन के लिए एक ऐतिहासिक आंदोलन चलाया गया था, जिसे 'संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन' के नाम से जाना जाता है। इसी आंदोलन के दौरान 106 आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। सरकार के इस नए फैसले के बाद अब इन शहीदों को राज्य की एक महत्वपूर्ण इमारत में सम्मानजनक स्थान मिलना तय हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत का नवीनीकरण पूरा होने के साथ ही यह काम भी संपन्न कर लिया जाएगा।
इनपुट: IANS



