बिहार में बाढ़: पप्पू यादव ने शिवराज सिंह चौहान से 10,000 करोड़ के राहत पैकेज की मांग की
बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने राज्य का दौरा कर रहे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से 10,000 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की मांग की है…
बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने राज्य का दौरा कर रहे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से 10,000 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पिछली मनमोहन सिंह सरकार के राहत कार्यों से तुलना करते हुए मौजूदा केंद्र सरकार पर देरी और अपर्याप्त मदद का आरोप लगाया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पप्पू यादव ने राज्य सरकार के राहत वितरण के तरीके पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार जहां 60 लाख लोगों के बाढ़ प्रभावित होने का दावा कर रही है, वहीं केवल 8 लाख परिवारों को 7-7 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है। सांसद ने इस चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि ये 8 लाख परिवार कौन हैं और उन्हें कैसे चुना गया? उन्होंने आशंका जताई कि यह अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच बंदरबांट और एक और लूट-खसोट का खेल हो सकता है।
राष्ट्रीय मुद्दों पर भी दी प्रतिक्रिया
पप्पू यादव ने देश के अन्य मौजूदा मुद्दों पर भी अपनी राय रखी। 2000 रुपये से अधिक के यूपीआई ट्रांजैक्शन पर 0.4 प्रतिशत चार्ज लगाने के फैसले की उन्होंने आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह 'गब्बर टैक्स' अमेरिकी दबाव में लगाया गया है और इसका सबसे ज्यादा बोझ मध्यम वर्ग के व्यापारियों पर पड़ेगा। उन्होंने इसे भारत की जनता के साथ खिलवाड़ बताया।
पश्चिम बंगाल में लाए गए नए कानून को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनका पैसा लेते हुए वीडियो वायरल है, वही वसूली रोकने की बात कर रहे हैं। उनके मुताबिक, यह कानून तृणमूल कांग्रेस को निशाना बनाने के लिए बनाया जा रहा है।
UCC को बताया ध्यान भटकाने की कोशिश
बिहार में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को लेकर एनडीए में जारी मतभेद पर पप्पू यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों पर विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने और 2027 के चुनाव में लाभ लेने के लिए यूसीसी का सहारा ले रही है।
इनपुट: IANS



