दिल्ली: PWD इंजीनियर ₹21 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया, CBI ने घर से लाखों और बरामद किए
दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक सहायक इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इंजीनियर पर एक…
दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक सहायक इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इंजीनियर पर एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी से अपने पद का दुरुपयोग कर अनुचित लाभ लेने और बदले में रिश्वत मांगने का आरोप है।
सीबीआई ने इस मामले में सहायक इंजीनियर के अलावा कौरा कंस्ट्रक्शन कंपनी के एक प्रतिनिधि और एक कर्मचारी समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने 27 जुलाई को आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि PWD इंजीनियर विभिन्न निर्माण कार्यों के बदले रोहिणी स्थित इस निजी फर्म को गलत तरीके से फायदा पहुंचा रहा था और इसके एवज में नियमित रूप से घूस लेता था।
रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी
सीबीआई को सूचना मिली थी कि 27 जुलाई को कंपनी का प्रतिनिधि अपने कर्मचारी के माध्यम से सहायक इंजीनियर को रिश्वत की एक बड़ी रकम पहुँचाने वाला है। निर्देश के मुताबिक, कंपनी के कर्मचारी ने दिल्ली के पीतमपुरा स्थित इंजीनियर के आवास पर जाकर उसे 21 लाख रुपए नकद दिए। इसी दौरान सीबीआई की टीम ने छापा मारकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया और रिश्वत के 21 लाख रुपए बरामद कर लिए।
घर की तलाशी में और नकदी मिली
IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, रिश्वत की रकम के अलावा जब सीबीआई ने इंजीनियर के घर की तलाशी ली, तो वहाँ से 15.50 लाख रुपए की अतिरिक्त नकदी भी मिली। इसके साथ ही कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए। कुल मिलाकर, इंजीनियर के घर से 46.75 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। सीबीआई तीनों गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
इनपुट: IANS



