निशा भगत मौत मामला: CBI ने क्राइम सीन किया रिक्रिएट, मुख्य आरोपी से घंटों पूछताछ
झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, एजेंसी की टीम ने सोमवार देर शाम रांची…
झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, एजेंसी की टीम ने सोमवार देर शाम रांची के पिठोरिया इलाके में घटनास्थल पर पहुंचकर क्राइम सीन को रिक्रिएट किया। यह वही स्थान है, जहां 6 नवंबर को निशा भगत ने फेसबुक लाइव करने के दौरान कथित तौर पर फांसी लगा ली थी।
निशा ने अपनी मौत से ठीक पहले किए गए लगभग 10 मिनट के फेसबुक लाइव में जमीन माफिया, कुछ सरकारी अधिकारियों और पुलिस पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। इसी वीडियो के आधार पर और परिवार की शिकायतों के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसकी CBI जांच की सिफारिश की थी।
जांच के दायरे में मुख्य आरोपी
इस मामले में नामजद मुख्य आरोपी, केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की से CBI ने लंबी पूछताछ की है। जांच टीम सोमवार को ही उनके आवास पर पहुंची थी और मंगलवार सुबह तक जांच-पड़ताल करती रही। इसके अलावा, एजेंसी ने दूसरी नामजद आरोपी ज्योत्सना केरकेट्टा के ठिकानों पर भी सोमवार शाम को छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान, जो करीब आठ घंटे तक चली, कुछ दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त किए जाने की जानकारी मिली है। टीम ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई है।
कैसे CBI तक पहुंचा मामला
निशा के पिता हांदू भगत की शिकायत पर 7 नवंबर को पिठोरिया थाने में प्राथमिकी (संख्या 114/2026) दर्ज की गई थी। मामले में उठे सामाजिक और राजनीतिक सवालों के बाद, राज्य सरकार ने 10 नवंबर को CBI जांच की अधिसूचना जारी की। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से 14 नवंबर को मंजूरी मिलने के बाद CBI की नई दिल्ली स्थित विशेष अपराध-1 शाखा ने मामला दर्ज (आरसी0482026एस0007) कर जांच अपने हाथ में ले ली। एजेंसी ने अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है।
इनपुट: IANS



