सोमवार, 2 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
पंजाब

पंजाब में AAP को एक और झटका: विधायक कुंवर विजय प्रताप ने पार्टी छोड़ी, विधानसभा से भी इस्तीफा

पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पटियाला जिले के दो विधायकों के बाद अब अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। समाचार…

पंजाब में AAP को एक और झटका: विधायक कुंवर विजय प्रताप ने पार्टी छोड़ी, विधानसभा से भी इस्तीफा
(फोटो: IANS)

पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पटियाला जिले के दो विधायकों के बाद अब अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, वे पिछले काफी समय से पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे थे और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। जून 2025 में ही पार्टी ने उन्हें पांच साल के लिए निलंबित कर दिया था।

विज्ञापन

कुंवर विजय प्रताप ने पंजाब विधानसभा की सदस्यता भी छोड़ दी है। इस्तीफे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "अमृतसर के मेरे भाइयों और बहनों, मैंने पंजाब विधानसभा की अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। आपने मुझे जो प्यार और सम्मान दिया है, उसके लिए मैं अपनी आखिरी सांस तक आपका ऋणी रहूंगा।"

इस्तीफे की वजह और भविष्य की राह

अपने इस्तीफे के पीछे की वजहों और भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए उन्होंने पंजाब की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, "आज पंजाब नशे, जबरन वसूली, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के जाल में फंसा हुआ है। ऐसे में फिर से एक प्रगतिशील और खुशहाल राज्य बनाना होगा।" कुंवर विजय प्रताप ने यह भी जोड़ा कि उनका लक्ष्य साफ-सुथरी राजनीति और पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करना है, जिसमें 'पंजाब सबसे पहले' की भावना हो। उन्होंने यह भी कहा, "आपके सहयोग और ईश्वर के आशीर्वाद से हमें मिलकर एक सामूहिक प्रयास करना होगा। हमें छोटी-मोटी राजनीति और केवल उद्घाटन (रिबन काटने) तक सीमित रहने की सोच से ऊपर उठना होगा।"

विधायक के तौर पर गिनाईं उपलब्धियां

अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए पूर्व विधायक ने दावा किया कि उन्होंने अपने 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कहा, "मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि मैंने राजनीति में 'माई-बाप' (हुक्म चलाने वाली) संस्कृति को खत्म किया और जनता को अपनी प्रेरणा मानकर काम किया।" उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब विधानसभा में उन्होंने पानी, सीवेज, कंपनी बाग, गंदे नालों से लेकर बरगारी बेअदबी मामले जैसे कई स्थानीय और राज्य-स्तरीय मुद्दे पूरी बेबाकी से उठाए।

कुंवर विजय प्रताप का इस्तीफा 'आप' के लिए हाल के दिनों में तीसरा बड़ा झटका है। इससे पहले पटियाला जिले के सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा भी पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social पंजाब डेस्क

News4Social पंजाब डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से पंजाब से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →