Punjab: पठानकोट में पकड़ा गया पाकिस्तान का जासूस, सेना की गतिविधियों पर रखता था नजर; CCTV से करता था निगरानी h3>
सीआईए स्टाफ पठानकोट ने गुप्त सूचना के आधार पर सेना और अर्धसैनिक बलों की गतिविधियों की नजर रख पाकिस्तान व अन्य देशों को जानकारी भेजने वाले एक जासूस को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया व्यक्ति पठानकोट का ही रहने वाला है जिसकी पहचान बलजीत सिंह उर्फ बीतू पुत्र पूर्ण सिंह निवासी गांव चक्क धारीवाल थाना सदर जिला पठानकोट के तौर पर हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बलजीत सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर नेशनल हाइवे-44 किनारे पठानकोट के सुजानपुर स्थित पुल नंबर चार व पांच के बीच एक दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए थे ताकि सेना और अर्धसैनिक बलों की गतिविधि पर नजर रखी जा सके। यह व्यक्ति राष्ट्रीय विरोधी तत्वों के साथ जुड़े हुए हैं। उक्त सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड और निगरानी संबंधी जानकारी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से पाकिस्तान और विदेशों में स्थित संचालकों के साथ साझा की जा रही थी, जो भारत की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा है।
स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक पुलिस की हिरासत में आरोपी बलजीत सिंह ही है। वहीं, बाकियों की पुलिस तलाश कर रही है। सूत्र यह भी बताते हैं कि आरोपी के जेल में बैठे पाकिस्तानी हेंडलरों के साथ साथ संपर्क हैं जो अभी गंभीर जांच का विषय है। बता दें कि पठानकोट जिला सुरक्षा के लिहाज से अति संवेदनशील है और बॉर्डर जिला होने के नाते आए दिन पुलिस प्रशासन द्वारा अलर्ट पर रखा जाता है। इस जासूस के पकड़े जाने और इससे मिले सीक्रेट डाक्यूमेंट से सनसनी फैल गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बलजीत ने पीआईए के इंटरनेट आधारित घूमने वाला सीसीटीवी कैमरा जनवरी 2026 में पठानकोट-जम्मू नेशनल हाइवे 44 पर किसी दुकान पर लगाया था और दुबई से किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से निर्देशित की जाता था। इस काम के लिए बलजीत को इनाम के रूप में 40 हजार रुपये मिले थे। पठानकोट पुलिस के चल रहे कासो ऑपरेशन के डर से आरोपी ने कुछ समय पहले सीसीटीवी कैमरा हटा कर दुकान में रख लिया था जो पुलिस ने एयर फाइबर मॉडम वाला सीसीटीवी कैमरा बरामद किया है। इसके अलावा दो आरोपी एनडीपीएस एक्ट के किसी केस में जेल में बंद है जिनको पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी।

