भारतीय वॉलीबॉल को मिली वैश्विक पहचान, FIVB ने प्राइम वॉलीबॉल लीग को दी आधिकारिक मान्यता
भारत की प्रमुख प्रोफेशनल वॉलीबॉल लीग, प्राइम वॉलीबॉल लीग (PVL) के लिए एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, खेल की वैश्विक संस्था फेडरेशन इंटरनेशनेल डी वॉलीबॉल (FIVB)
भारत की प्रमुख प्रोफेशनल वॉलीबॉल लीग, प्राइम वॉलीबॉल लीग (PVL) के लिए एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, खेल की वैश्विक संस्था फेडरेशन इंटरनेशनेल डी वॉलीबॉल (FIVB) ने PVL को भारत की सबसे बड़ी प्रोफेशनल लीग के तौर पर आधिकारिक मान्यता दे दी है। यह घोषणा लीग के पांचवें सीजन से ठीक पहले हुई है, जो इस साल 30 नवंबर से शुरू होने वाला है।
इस अंतरराष्ट्रीय पहचान के साथ ही प्राइम वॉलीबॉल लीग के क्लबों के लिए वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के दरवाजे खुल गए हैं। अब PVL की टीमें आवश्यक नियमों और क्वालिफिकेशन मानकों को पूरा कर सेंट्रल एशियन वॉलीबॉल एसोसिएशन (CAVA), एशियन वॉलीबॉल कन्फेडरेशन (AVC) और FIVB द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय क्लब टूर्नामेंट में हिस्सा ले सकेंगी।
सीजन 5 की तैयारी और खिलाड़ियों की नीलामी
आगामी सीजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 17 अगस्त को गोवा में खिलाड़ियों की नीलामी का आयोजन किया जाएगा, जहां सभी फ्रेंचाइजी देश के शीर्ष वॉलीबॉल खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए बोली लगाएंगी। उम्मीद की जा रही है कि पांचवां सीजन बड़े भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ बेहद रोमांचक होगा।
"भारतीय वॉलीबॉल के लिए अहम पल"
प्राइम वॉलीबॉल लीग के निदेशक, तुहिन मिश्रा ने इस उपलब्धि को एक अहम पल बताते हुए कहा, "FIVB की पहचान पिछले चार सालों में एक भरोसेमंद, प्रतियोगी और दुनिया भर में काम की लीग बनाने के लिए किए गए काम का एक मजबूत सबूत है। हमारा ध्यान इकोसिस्टम को मजबूत करने और भारतीय खिलाड़ियों को सबसे ऊंचे स्तर पर सफल होने के लिए अच्छे मौके देने पर है।"
लीग के सीईओ जॉय भट्टाचार्य ने भी इस पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "शुरू से ही, हमारा मकसद एक ऐसी लीग बनाना रहा है जो खेल में बेहतरीन प्रदर्शन और लंबे समय तक असर, दोनों दे। यह पहचान इस बात को पक्का करती है कि पीवीएल सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि भारत में वॉलीबॉल का भविष्य बनाने वाला एक मंच है।" उन्होंने भारतीय टीम की FIVB रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर 60 से 42 पर पहुंचने का जिक्र करते हुए इसे देश में वॉलीबॉल के लिए एक सकारात्मक संकेत बताया।
इनपुट: IANS



