प्रशांत महासागर में ड्रग्स नेटवर्क पर अमेरिकी सेना का बड़ा प्रहार, नार्को-आतंकी संगठन का जहाज़ डुबोया
पूर्वी प्रशांत महासागर में ड्रग तस्करी के खिलाफ अभियान में अमेरिकी सेना ने एक बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, अमेरिकी साउथ कमांड के निर्देश पर एक विशेष टीम ने नशीले पदार्थों की…
पूर्वी प्रशांत महासागर में ड्रग तस्करी के खिलाफ अभियान में अमेरिकी सेना ने एक बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, अमेरिकी साउथ कमांड के निर्देश पर एक विशेष टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक तैरते हुए सप्लाई स्टेशन जहाज़ को सफलतापूर्वक रोका और बाद में उसे समुद्र में डुबो दिया। यह जहाज़ कुख्यात नार्को-आतंकी संगठन 'लॉस चोनेरोस' के लिए काम कर रहा था।
अमेरिकी साउथ कमांड (US SOUTHCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर 7 सितंबर को हुई इस घटना की जानकारी साझा की। यह ऑपरेशन जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर (JTF-WHEM) द्वारा चलाया गया था। खुफिया जानकारी के आधार पर इस जहाज को निशाना बनाया गया, जो समुद्र के रास्ते होने वाली अवैध ड्रग तस्करी गतिविधियों में एक अहम कड़ी था।
ऑपरेशन का विवरण
अमेरिकी बलों ने इस जहाज़ पर चढ़कर तलाशी ली और चालक दल के सभी सदस्यों को हिरासत में ले लिया। यह कोई हवाई हमला नहीं था। पूरी प्रक्रिया के तहत पहले जहाज को खाली कराया गया। इसके बाद चालक दल को इक्वाडोर के अधिकारियों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई। पूरी तरह से जांच और चालक दल को सुरक्षित उतारने के बाद, खाली जहाज को समुद्र में डुबो दिया गया।
यह हाल के दिनों में इस तरह की दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिसमें साउथ कमांड ने किसी रिफ्यूलिंग जहाज को नष्ट किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन राष्ट्रपति ट्रंप और सेक्रेटरी ऑफ वॉर पीट हेगसेथ के नशे के खिलाफ चल रहे बड़े अभियान का हिस्सा है। जॉइंट टास्क फोर्स ने कहा है कि वह पश्चिमी गोलार्ध में ड्रग तस्करी को बढ़ावा देने वाले लॉजिस्टिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए अपने अभियान जारी रखेगी।
इनपुट: IANS



