23 मई 2019 का दिन भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के कारण भारतीय इतिहास के सुनहरों पन्नों में दर्ज हो गया। दरअसल, चुनाव नतीजों में भाजपा की बड़ी जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना पहला भाषण दिया। एनडीए की जीत को अपने भाषण में उन्होंने हिन्दुस्तान, लोकतंत्र और जनता की विजय बताया।
नतीजे आने के ठीक बाद नरेन्द्र मोदी सीधे भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और एनडीए की जीत पर देश की जनता को धन्यवाद दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ”सरकार भले ही बहुमत से चलती हो, लेकिन देश सर्वमत से चलता है और हम इसी विचार के साथ आगे चलेंगे। काम करते-करते कोई ग़लती हो सकती है, लेकिन बदइरादे-बदनीयत से कोई काम नहीं करूंगा”।
आम चुनाव के नतीजे आ जाने पर प्रधानमंत्री पद की तस्वीर साफ़ हो गई है। भाजपा का ‘’एक बार फिर मोदी सरकार’’ सरकार का चुनावी नारा हक़ीक़त में तब्दील हो गया है और भाजपा पीएम उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी लगातार दूसरी बार और देश के 17वें प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। चुनाव में देश की जनता ने दिल खोलकर भाजपा और उसके सहयोगियों को भारी मतों से जिताया और एक उम्मीद जताई की ये सरकार देशहित में काम करेगी। बता दें कि अब सबकी निगाहें नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण पर टिकी है कि मोदी शपथ कब लेने वाले हैं?

