बिहार में 11 लाख से ज़्यादा परिवारों को मिलेगी पक्की छत, पीएम आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र सौंपे जाएँगे
बिहार में कच्चे मकानों में रहने वाले 11.18 लाख से ज़्यादा परिवारों के लिए पक्के घर का सपना जल्द पूरा होने की उम्मीद है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इन परिवारों को जल्द ही आवास…
बिहार में कच्चे मकानों में रहने वाले 11.18 लाख से ज़्यादा परिवारों के लिए पक्के घर का सपना जल्द पूरा होने की उम्मीद है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इन परिवारों को जल्द ही आवास स्वीकृति पत्र सौंपे जाएँगे। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, पटना पहुँचे केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।
पटना हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा, "आज बिहार की इस पवित्र धरती पर खड़े होकर मेरा मन अपार खुशी और आनंद से भरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे देश के हर गरीब भाई-बहन को पक्का घर देने का संकल्प लिया है।" उन्होंने आगे बताया, "आज मुझे यह बताते हुए विशेष खुशी हो रही है कि बिहार के उन भाई-बहनों के लिए 11 लाख से अधिक घरों की स्वीकृति की सौगात मिल रही है, जो कच्चे घरों में रह रहे हैं। उन्हें सिर पर पक्की छत और अपना घर मिलेगा और उनके सपने पूरे होंगे।"
किसानों के लिए भी बड़ी घोषणाएँ
शिवराज सिंह चौहान ने आवास योजना के अलावा राज्य सरकार के अन्य प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा, "मैं बिहार सरकार को बधाई देना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बिहार ने समृद्ध होने का फैसला लिया है। फसलों को अगर नुकसान होगा तो योजना के अंतर्गत उसकी भरपाई हो पाएगी।" उन्होंने यह भी बताया कि पीएम-आशा योजना के तहत बिहार ने इस बार मसूर की खरीद की है और किसान-आईडी बनाने के मामले में भी राज्य देश में अग्रणी है।
'डबल इंजन सरकार का असर'
इस अवसर पर बिहार सरकार में मंत्री विजय सिन्हा ने IANS से कहा कि यह 'डबल इंजन' सरकार के काम का नतीजा है। उन्होंने कहा, "डबल इंजन की सरकार का 'सबका साथ, सबका विकास', ये भाव जमीन पर उतर रहा है। बिहार के अंदर गरीबों को आवास और 11 लाख नए लोगों के लिए आवास की व्यवस्था के बारे में ग्रामीण विकास मंत्री की ओर से आज कहा गया है और निश्चित रूप से बिहार के अंदर एक बड़ा परिवर्तन होगा।"
इनपुट: IANS



