लखनऊ: शादी का प्रस्ताव ठुकराया तो युवक ने युवती पर फेंका तेजाब, परिवार पर चाकू से हमला
लखनऊ के उदयगंज इलाके में एक रिश्तेदार द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने पर 18 वर्षीय युवती के चेहरे पर तेजाब फेंकने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रविवार तड़के हुई इस घटना में आरोपी ने…
लखनऊ के उदयगंज इलाके में एक रिश्तेदार द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने पर 18 वर्षीय युवती के चेहरे पर तेजाब फेंकने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रविवार तड़के हुई इस घटना में आरोपी ने युवती की माँ पर चाकू से भी कई वार किए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में युवती और उसकी माँ समेत परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह खौफनाक वारदात हुसैनगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुई। 25 वर्षीय आरोपी तौसीफ उर्फ मुन्ना, जो पीड़ित परिवार का रिश्तेदार बताया जा रहा है, युवती से शादी करना चाहता था। जब युवती और उसके परिवार ने इस प्रस्ताव का विरोध किया तो उसने यह कदम उठाया।
क्या हुआ था उस सुबह?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी तड़के घर में घुसा और सो रही युवती पर सीधे तेजाब फेंक दिया। युवती की चीखें सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य उसे बचाने के लिए दौड़े, तो आरोपी ने उन पर भी तेजाब से हमला कर दिया। इस दौरान, जब युवती की माँ ने विरोध किया तो तौसीफ ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
घटना के बाद परिवार की चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने आरोपी तौसीफ को भी हिरासत में लेकर इलाज के लिए भर्ती कराया है।
पुलिस की कार्रवाई
डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि विवाद की वजह शादी का प्रस्ताव था। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी ने युवती पर तेजाब फेंकने के साथ-साथ परिवार पर चाकू से भी हमला किया। इस संबंध में हुसैनगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0192/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 124(1) और 109(1) में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इनपुट: IANS



