PDIL में इंजीनियरों के 153 पदों पर भर्ती: 27 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन, जानें पूरी प्रक्रिया
अगर आप इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक अच्छा अवसर है। भारत सरकार के उपक्रम, प्रोजेक्ट्स एंड डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड (PDIL) ने डिप्लोमा और ग्रेजुएट इंजीनियरों के 153 प
अगर आप इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक अच्छा अवसर है। भारत सरकार के उपक्रम, प्रोजेक्ट्स एंड डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड (PDIL) ने डिप्लोमा और ग्रेजुएट इंजीनियरों के 153 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ये नियुक्तियाँ पूरे भारत में पीडीआईएल के किसी भी कार्यालय या साइट पर अधिकतम 3 साल के अनुबंध के आधार पर की जाएंगी।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इन पदों के लिए 27 जुलाई 2024 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 7 जुलाई से पीडीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है। आवेदन करने से पहले सभी पात्रता मानदंडों को ध्यान से जांचना ज़रूरी है।
पदों का विवरण और पात्रता
कुल 153 रिक्तियों में से 130 पद ग्रेजुएट इंजीनियर के लिए और 23 पद डिप्लोमा इंजीनियर के लिए हैं। इन्हें सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन, ह्यूमन रिसोर्सेज और फायर सेफ्टी जैसे विभिन्न विषयों में बांटा गया है।
डिप्लोमा इंजीनियर (23 पद): आवेदकों के पास संबंधित विषय में इंजीनियरिंग का डिप्लोमा और 2 से 8 साल का कार्य अनुभव होना चाहिए। इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 से 43 वर्ष निर्धारित की गई है।
ग्रेजुएट इंजीनियर (130 पद): इन पदों के लिए संबंधित विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ 2 से 11 साल का कार्य अनुभव आवश्यक है। आयु सीमा 32 से 42 वर्ष तय की गई है। सभी पदों के लिए आयु की गणना 30 जून 2024 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
उम्मीदवारों का चयन आवेदन पत्रों की शॉर्टलिस्टिंग, व्यक्तिगत साक्षात्कार (Personal Interview) और दस्तावेज़ सत्यापन (Document Verification) के आधार पर किया जाएगा।
चयनित होने पर, डिप्लोमा इंजीनियरों को अनुभव के आधार पर 31,000 से 40,000 रुपये प्रति माह और ग्रेजुएट इंजीनियरों को 47,000 से 71,000 रुपये प्रति माह का वेतन मिलेगा। इसके अलावा अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
आवेदन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को ऑनलाइन माध्यम से शुल्क का भुगतान करना होगा। सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 800 रुपये है, जबकि एससी/एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह 400 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन की अंतिम तिथि 27 जुलाई है।
इनपुट: IANS



