PDA यात्रा में बच्चे की मौत: ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, 'लफंगों का देवता' बनने का लगाया आरोप
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर उनकी पीडीए यात्रा के दौरान हुई एक बच्चे की मौत को लेकर तीखा हमला बोला है। समाचार एजेंसी IANS की…
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर उनकी पीडीए यात्रा के दौरान हुई एक बच्चे की मौत को लेकर तीखा हमला बोला है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सुभासपा अध्यक्ष राजभर ने अखिलेश पर आरोप लगाया कि उन्होंने यात्रा में हुई 'अराजकता' पर 24 घंटे बाद संवेदना जताई, जबकि इस घटना में एक मासूम की जान चली गई।
राजभर ने सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट में अखिलेश यादव को 'लफंगों का देवता' बनने का शौकीन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यादव ने खुद पर फूल-माला चढ़वाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं से जेसीबी मंगवाई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और एक बच्चे की मौत हो गई।
शहीद के वंशज की मौत पर सवाल
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि मृतक बच्चा, आर्यवर्धन, चौरी-चौरा के शहीद स्वतंत्रता सेनानी शिवपूजन सिंह की पांचवीं पीढ़ी का वंशज था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया, तो अखिलेश यादव ने तुरंत पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना क्यों नहीं व्यक्त की।
राजभर ने अखिलेश पर माफिया से नजदीकी रखने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "उन्हें गोरखपुर में स्वतंत्रता सेनानियों की जाति गिनने और माफिया के यहां दरबार लगाने का समय मिल गया, लेकिन पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने का समय नहीं मिला।"
'गुंडों की फौज उतारकर शक्ति प्रदर्शन'
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि चारों तरफ से आलोचना होने के बाद अखिलेश ने 24 घंटे बाद सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त की और आरोप-प्रत्यारोप शुरू कर दिया। उन्होंने सपा की पीडीए यात्रा की आलोचना करते हुए कहा कि इसमें सड़क पर "गुंडों की फौज को उतारकर शक्ति प्रदर्शन" किया जाता है। राजभर ने चेतावनी दी कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी।
इनपुट: IANS



