पटना: गंगा किनारे पुलिस और अपराधियों में भीषण मुठभेड़, तीन ढेर, मनेर थानाध्यक्ष घायल
बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह एक बड़ी पुलिस कार्रवाई हुई, जिसमें तीन कुख्यात अपराधियों को मार गिराया गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में गंगा नदी के…
बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह एक बड़ी पुलिस कार्रवाई हुई, जिसमें तीन कुख्यात अपराधियों को मार गिराया गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में गंगा नदी के किनारे हुई, जब पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इस गोलीबारी में मनेर के थानाध्यक्ष भी घायल हो गए हैं।
पुलिस को खबर मिली थी कि आधा दर्जन से ज्यादा अपराधी शेरपुर इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ और मनेर पुलिस ने मिलकर इलाके की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसमें एक गोली मनेर थानाध्यक्ष के हाथ में जा लगी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई और मुठभेड़
अपराधियों द्वारा अचानक की गई फायरिंग के बाद पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई शुरू की। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि दोनों तरफ से लगभग 40 से अधिक राउंड गोलियां चलीं। पुलिस ने अपनी ओर से 18 राउंड फायरिंग की, जबकि अपराधियों ने करीब 24 से 25 राउंड गोलियां चलाईं। इस भीषण मुठभेड़ में तीन अपराधी मौके पर ही मारे गए। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अपराधी भागने में कामयाब हो गए।
मारे गए अपराधियों का आपराधिक इतिहास
एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा के मुताबिक, मारे गए तीनों अपराधियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। हाल ही में मनेर में अष्टमी के दिन हुई एक हत्या के मामले में भी ये तीनों वांछित थे। इसके अलावा, दानापुर और शाहपुर समेत कई अन्य थानों में भी इनके खिलाफ मामले दर्ज थे। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई गोलियां बरामद की हैं। फिलहाल, घायल पुलिस अधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
इनपुट: IANS



